संसद मानसून सत्र: स्थगन के 10 दिन बाद भी सत्रावसान नहीं, विशेष सत्र की हलचल तेज
नई दिल्ली । डेस्क: संसद के मानसून सत्र का काम-काज अनिश्चितकाल (साइन डाई) के लिए स्थगित हुए 10 दिन बीत जाने के बाद भी इसे औपचारिक रूप से समाप्त (सत्रावसान) नहीं किया गया है. राष्ट्रपति की ओर से मानसून सत्र के सत्रावसान की अधिसूचना जारी न होने से सियासी गलियारों में यह अटकलें तेज हो गई हैं कि केंद्र सरकार 2029 के संसदीय चुनावों से पहले महिला आरक्षण कानून के कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष सत्र बुलाकर संविधान संशोधन विधेयक पास कराने की तैयारी में है.
आमतौर पर दोनों सदनों के अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के तीन से चार दिनों के भीतर राष्ट्रपति द्वारा सत्रावसान की औपचारिक अधिसूचना जारी कर दी जाती है. इस देरी को लेकर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं.
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि मानसून सत्र स्थगित हुए 10 दिन हो चुके हैं, लेकिन सत्रावसान की कोई जानकारी नहीं है. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार परिसीमन से जुड़े इस संवैधानिक संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत की बिसात बिछा रही है.
सीटें 50 फीसदी बढ़ाने का फार्मूला
दरअसल, बजट सत्र के दौरान भी इस विधेयक को लाने का प्रयास हुआ था, लेकिन दक्षिण भारतीय राज्यों की आपत्तियों और पर्याप्त आंकड़े न होने के कारण इसे टाल दिया गया था. दक्षिण के राज्यों को आशंका थी कि जनसंख्या आधारित परिसीमन से लोकसभा में उनकी सीटों की संख्या और राजनीतिक प्रतिनिधित्व कम हो जाएगा. इस चिंता को दूर करने के लिए सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लोकसभा सीटों की संख्या में समान रूप से 50 प्रतिशत की वृद्धि करने का एक नया फार्मूला तैयार किया है.
दक्षिण भारत के मुख्यमंत्रियों के अलग-अलग सुर
महाबलीपुरम में हुई दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की बैठक के दौरान इस मुद्दे पर राजनीतिक हलचल साफ देखने को मिली. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने केंद्र से विधायी आश्वासन देने की मांग की कि जिन राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण में सफलता पाई है, उनकी संसद में प्रतिनिधित्व की हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए. वहीं, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने मांग रखी है कि केंद्र सरकार अगले 25 वर्षों के लिए लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या को ही यथावत बनाए रखे. संसद का सत्रावसान न होना और नेताओं के बयान यह संकेत दे रहे हैं कि सरकार जल्द ही इस मुद्दे पर कोई बड़ा विधायी कदम उठा सकती है.