पन्नू केस: निखिल गुप्ता ने US कोर्ट में स्वीकार किया जुर्म, होगी 20 साल की जेल
न्यूयॉर्क । डेस्क: प्रतिबंधित संगठन 'सिख फॉर जस्टिस' के नेता और सिख अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रचने के मामले में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. इस मामले के मुख्य आरोपी, 54 वर्षीय भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता ने शुक्रवार को न्यूयॉर्क की एक संघीय अदालत में अपना गुनाह कबूल कर लिया है.
अमेरिकी अभियोजकों के अनुसार, गुप्ता ने स्वीकार किया है कि वह 2023 में पन्नून की हत्या के लिए एक कॉन्ट्रैक्ट किलर को काम पर रखने की योजना में शामिल था.
अदालत में मजिस्ट्रेट जज सारा नेटबर्न के सामने बयान देते हुए गुप्ता ने बताया कि साल 2023 में भारत में रहते हुए उसने हत्या को अंजाम देने के लिए एक व्यक्ति को ऑनलाइन 15,000 डॉलर ट्रांसफर किए थे. हालांकि, जिस व्यक्ति को वह हिटमैन समझकर संपर्क कर रहा था, वह वास्तव में अमेरिकी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) का एक गुप्त मुखबिर था.
निखिल गुप्ता को जून 2023 में चेक गणराज्य के प्राग हवाई अड्डे से हिरासत में लिया गया था और बाद में अमेरिका प्रत्यर्पित किया गया. उसने 'मर्डर-फॉर-हयर' और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोपों में अपना दोष स्वीकार किया है, जिसके चलते उसे 20 से 24 साल तक की जेल हो सकती है.
अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई ने इस मामले को 'ट्रांसनेशनल रिप्रेशन' यानी सीमा पार दमन का मामला बताया है. अभियोजकों का आरोप है कि इस साजिश के पीछे कथित तौर पर विकास यादव नामक एक भारतीय खुफिया अधिकारी का हाथ था, जिसने गुप्ता को इस काम के लिए भर्ती किया था.
हालांकि, भारत सरकार ने इन आरोपों में किसी भी तरह की संलिप्तता से स्पष्ट इनकार किया है और कहा है कि इस तरह की गतिविधियां सरकारी नीति के खिलाफ हैं.
इस बीच, पन्नू ने अदालती कार्यवाही के बाद कहा कि वह अपनी सक्रियता जारी रखेगा.