पामगढ़: स्कूल में अर्धनग्न बैठा था हेडमास्टर, छात्राओं को दफ्तर बुलाया तो मचा बवाल
पामगढ़ । संवाददाता: जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ ब्लॉक स्थित डोंगाकोहराऊद शासकीय प्राथमिक शाला में एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है. स्कूल के प्रधान पाठक भुवनेश्वर कौशिक अपने कार्यालय में अर्धनग्न अवस्था में बैठे पाए गए. बताया जा रहा है कि प्रधान पाठक ने कुछ छात्राएं को अपने दफ्तर में बुलाया था, लेकिन उनके अजीब व्यवहार से डरकर छात्राएं वहां नहीं गईं और सीधे घर जाकर पूरी बात अपने परिजनों को बताई.
शुरुआत में तो परिजनों को बच्चों की बात पर यकीन नहीं हुआ, लेकिन जब बच्चों ने जिद की तो वे ग्रामीणों के साथ स्कूल पहुंचे. वहां का नजारा देखकर सब हैरान रह गए; कौशिक बिना कपड़ों के दफ्तर में मौजूद था. विरोध करने पर कौशिक ने उलटे जवाब देते हुए कहा कि इसमें कुछ गलत नहीं है.
इस बात को लेकर मौके पर काफी हंगामा हुआ और जब लोगों ने उसका वीडियो बनाना शुरू किया, तब जाकर उसने कपड़े पहने.
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी प्रधान पाठक को हिरासत में लेकर पामगढ़ थाने आई. पामगढ़ थाना प्रभारी सावन सारथी ने बताया कि पीड़ित बच्चों और उनके परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं. पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.