भारत के खिलाफ नहीं खेलेगा पाकिस्तान, टी20 वर्ल्ड कप में बाकी मैच खेलेगा
नई दिल्ली । डेस्क: पाकिस्तान ने रविवार को औपचारिक रूप से घोषणा की कि वह ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ होने वाले अपने ग्रुप लीग मैच का बहिष्कार करेगा. हालांकि पाकिस्तान सरकार ने राष्ट्रीय टीम को टूर्नामेंट के बाकी मुकाबलों में हिस्सा लेने की मंजूरी दे दी है.
यह टूर्नामेंट 7 फरवरी से शुरू हो रहा है और भारत तथा श्रीलंका संयुक्त रूप से इसकी मेजबानी कर रहे हैं.
सरकारी बयान के मुताबिक 15 फरवरी 2026 को कोलंबो में भारत के खिलाफ निर्धारित मुकाबले में पाकिस्तान की टीम मैदान पर नहीं उतरेगी. पाकिस्तान सरकार ने इसे विरोध के तौर पर लिया गया फैसला बताया है.
यह विरोध ICC द्वारा बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल करने के फैसले से जुड़ा है. बांग्लादेश ने कथित सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने मैच भारत से श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग की थी, जिसे ICC ने स्वीकार नहीं किया.
पाकिस्तान सरकार ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कहा कि वह ICC वर्ल्ड टी20 2026 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम की भागीदारी को मंजूरी देती है, लेकिन भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मैच में टीम हिस्सा नहीं लेगी.
इस फैसले के साथ ही पिछले कई दिनों से पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है.
क्षेत्र में बढ़े राजनीतिक तनाव के बीच आए इस निर्णय को अहम माना जा रहा है. इससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने भी स्पष्ट किया था कि टूर्नामेंट में टीम की भागीदारी पर अंतिम फैसला सरकार ही करेगी.