पाकिस्तान ने चुकाया संयुक्त अरब अमीरात का पूरा कर्ज
इस्लामाबाद । डेस्क: आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे पाकिस्तान ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से लिए गए कुल 3.45 अरब डॉलर के कर्ज का सफलतापूर्वक भुगतान कर दिया है. स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान (SBP) ने शुक्रवार को पुष्टि की कि अबू धाबी फंड फॉर डेवलपमेंट (ADFD) को 1 अरब डॉलर की अंतिम किस्त कल यानी गुरुवार, 23 अप्रैल 2026 को चुका दी गई.
इससे पहले पिछले सप्ताह पाकिस्तान ने 2.45 अरब डॉलर की बड़ी किस्त वापस की थी.
यह भुगतान पाकिस्तान के लिए एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है, क्योंकि हाल ही में मार्च में यूएई ने इस कर्ज की अवधि आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया था.
जानकारों के मुताबिक, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अमेरिका-इजरायल के ईरान के साथ युद्ध जैसे हालातों के बीच यूएई ने अपनी धनराशि तत्काल वापस मांगी थी.
हालांकि, सऊदी अरब से मिली 3 अरब डॉलर की ताजा वित्तीय सहायता ने पाकिस्तान को इस दबाव से निकलने में बड़ी मदद दी है.
विशेषज्ञों का कहना है कि हालांकि पाकिस्तान ने विदेशी देनदारी को कम किया है, लेकिन अस्थिर ऊर्जा कीमतों और वैश्विक पूंजी बाजार की स्थिति को देखते हुए उसकी अर्थव्यवस्था पर अब भी दबाव बना हुआ है.