गरीब पाकिस्तान की अमीर फौज
नई दिल्ली । डेस्क: वर्ल्ड बैंक के आकड़ों के अनुसार पाकिस्तान की गरीबी बढ़ी है. लेकिन यह गरीबी पाकिस्तानी सेना में नहीं दिखती है. इससे जाहिर होता है कि पाकिस्तान जो कर्ज लेता है उसे सेना लपक लेती है.
वर्ल्ड बैंक के नये आंकड़े के अनुसार पाकिस्तान में साल 2017 से साल 2021 के बीच अत्यधिक गरीबी 4.9% से बढ़कर 16.5% हो गई. पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था को आईएमएफ से बार-बार बेलआउट पैकेज लेना पड़ रहा है. वर्ल्ड बैंक के आंकड़े बताते हैं कि एक आम पाकिस्तानी आज कितना कंगाल हो चुका है.
वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान की लगभग आधी आबादी गरीब है. साल 2017 से साल 2021 के बीच अत्यधिक गरीबी 4.9% से बढ़कर 16.5% हो गई. जानकारों का कहना है कि पाकिस्तान के पुराने आंकड़ों को लें तो स्थिति और भी खराब हो सकती है. पाकिस्तान में प्रतिदिन 4.2 डॉलर प्रति व्यक्ति से कम आय वाले लोगों की संख्या 2017 में 39.8% थी, जो 2021 में बढ़कर 44.7% से ज्यादा हो गई.
दरअसल, पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पूरी तरह से कर्ज के पैसों पर टिकी है. उसने आईएमएफ से 25 बेलआउट पैकेज लिये हैं, जिनकी कुल राशि 44.57 अरब डॉलर है. इसके अलावा, वर्ल्ड बैंक, एशियाई विकास बैंक और इस्लामिक विकास बैंक से 38.8 अरब डॉलर का कर्ज है. चीन से 25 अरब डॉलर से ज्यादा और यूरोबॉन्ड और सुकुक जैसे कर्जदाताओं से 7.8 अरब डॉलर का कर्ज लिया है. सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और पेरिस क्लब ने भी पाकिस्तान को कई अरब डॉलर का कर्ज दिया है.
भारत में पाकिस्तान के पूर्व उच्चायुक्त अजय बिसारिया ने कहा, 'दुनिया पाकिस्तान की समस्या को तब तक नहीं सुलझा सकती, जब तक पाकिस्तानी सेना का राजनीति और अर्थव्यवस्था में दखल खत्म नहीं हो जाता. पाकिस्तान की सेना संसाधनों का बंटवारा करती है. इसलिए, द्विपक्षीय या बहुपक्षीय दानदाताओं से मिलने वाला सारा पैसा सेना इस्तेमाल कर लेती है और इसका इस्तेमाल आतंकी मशीनरी बनाने में होता है. सभी दानदाताओं को इस डेटा से सबक लेना चाहिये, जो दिखाता है कि केवल पाकिस्तानी सेना ही बेलआउट से अमीर हो रही है.'
उन्होंने आगे कहा, 'दुनिया को पाकिस्तान को दी जाने वाली सहायता राशि की निगरानी के लिए एफएटीएफ जैसी कड़ी शर्तें लगानी चाहिये, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि धन का उपयोग विकास और पाकिस्तान के लोगों के लाभ के लिए किया जाये.'