शनि, 07 नव. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट के नाम पर वसूली

छत्तीसगढ़ में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन के नाम पर मनमाना वसूली

C

CG Khabar

25 अप्रै. 2025, 04:44 AM 8 मिनट में पढ़ें 16

 हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट
हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट

रायपुर | डेस्कः छत्तीसगढ़ में 40 लाख से अधिक हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगाने को लेकर विवाद कम होने का नाम नहीं ले रहा है.


असल में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट के नाम पर छत्तीसगढ़ में सबसे अधिक पैसे वसूले जा रहे हैं. दूसरे राज्यों के मुकाबले कई गुना ज्यादा.

विज्ञापन


पहले ही देश के कई राज्यों की तुलना में पेट्रोल-डीजल की कहीं अधिक क़ीमत दे रहे छत्तीसगढ़ के लोग, अब इस लूट को लेकर आवाज़ उठा रहे हैं.


हाल ही में सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय और दिल्ली परिवहन विभाग ने अप्रैल 2019 से पहले बेचे गए सभी वाहनों के लिए कलर-कोडेड प्लेट के साथ एक उच्च सुरक्षा वाला रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) लगाना अनिवार्य कर दिया है.


इसका मतलब ये है कि जिन लोगों ने 1 अप्रैल 2019 के पहले अपना दो पहिया, चार पहिया या कोई भी वाहन खरीदा है, उन्हें अपने वाहनों में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट अनिवार्य रूप से लगाना होगा.


ये नंबर प्लेट आपकी गाड़ी में तीन जगहों पर लगाए जाएंगे.


परिवहन विभाग ने वाहनों में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन नम्बर प्लेट लगाने के लिए वाहन चालकों को तीन अप्रैल तक अंतिम मौका दिया था.


इसके बाद 15 अप्रैल तक समझाइश दी गई. अब प्रदेश भर में अभियान चलाकर चालान की कार्रवाई शुरू की जाएगी.


जांच के दौरान पकड़े जाने पर 500 से 10 हजार रुपये का चालान भरना होगा.


दूसरे राज्यों की तुलना में ज्यादा शुल्क

लेकिन इस हाई सिक्योरिटी नंबर को लेकर अब सरकार पर आरोप भी लगने लगे हैं.


आरोप इसलिए लगाए जा रहे हैं क्योंकि छत्तीसगढ़ में हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट लगाए जाने को लेकर जो शुल्क लिया जा रहा है, वह अन्य राज्यों की तुलना में पांच गुना ज्यादा है.


छत्तीसगढ़ में हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट को लेकर जो राशि तय की गई है.


वह दो पहिया वाहनों के लिए 365.91 रुपये, तीन पहिया वाहनों के लिए 427.16 रुपये, कार के लिए 656.8 रुपये और ट्रक व बस के लिए 705.64 रुपये है.


जबकि दूसरे राज्यों में ऐसा नहीं है. सड़क परिवहन एवं राज्यमार्ग मंत्रालय की वेबसाइट बताती है कि छत्तीसगढ़ में जिस दो पहिया वाहन के तीन 366 रुपये वसूले जा रहे हैं.


दिल्ली में उसके लिए केवल 69 रुपये लिए जा रहे हैं. राजस्थान में इसके लिए 75 रुपये, गुजरात में 120 रुपये, बिहार में 131 रुपये, हिमाचल प्रदेश में 105 रुपये लिए जा रहे हैं.


तीन पहिया, चार पहिया और ट्रक-बस की भी जो तय राशि है, वह छत्तीसगढ़ में सबसे अधिक है.हाई सिक्योरिटी प्लेट के नाम पर फर्जीवाड़ा

सवाल यही है कि बाकी राज्यों की तुलना में छत्तीसगढ़ में ये राशि इतनी ज्यादा क्यों है?


कमीशन खोरी की वजह से या फिर किसी ख़ास कंपनी को फायदा पहुँचाने के लिए जनता को लूटा जा रहा है? जवाब किसी के पास नहीं है.


दरअसल जिस हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट की चर्चा हम कर रहे हैं, उसकी कहानी बहुत पुरानी है और कई ठेकेदार कम्पनियों पर पहले भी कर्रवाई हो चुकी हैं


हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट के नाम पर जनता से वसूली के मामले में ही पहले कार्रवाई की गई थी.


देश के 4 राज्य जिसमें मेघालय, महाराष्ट्र, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश में हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट को लेकर सीबीआई ने छापेमारी की थी.


जांच एजेंसी ने इस मामले में विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत मुंबई की कंपनी सिमनीट यू इंडिया प्राइवेट लिमिटेड समेत मेघालय के यातायात विभाग के अधिकारियों और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था.


दरअसल साल 2003 में मेघालय सरकार ने हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट् स्कीम के कार्यान्वयन के लिए एक निविदा निकाली थी.


इसके तहत कंपनी को मेघालय में ऐसी नंबर प्लेट बनाकर देनी थी. इस निविदा प्रक्रिया मामले में तीन निजी कंपनियों ने हिस्सा लिया था और ये कंपनियां मुंबई और दिल्ली की थीं.


आरोप के मुताबिक मुंबई की सिमनीट कंपनी ने इस मामले में मेघालय सरकार के परिवहन विभाग के अज्ञात कर्मियों की मिलीभगत से अपने द्वारा नियंत्रित कंपनियों के माध्यम से साठगांठ वाली नीलामी की बोली लगाई, जिससे उसे यह ठेका मिले.


इस मिलीभगत और धांधली के चलते हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट बनाने का ठेका साल 2005 में मुंबई की सिमनीट कंपनी को ही मिल गया.


यह ठेका इस कंपनी को ऊंचे दामों पर मिला, जिसके चलते इन हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट की कीमत भी ज्यादा वसूली गयी.


पुरानी बात जाने दें, अभी हाल ही में महाराष्ट्र विधानसभा के बजट सत्र के आखिरी दिन यह मुद्दा उच्च सदन में गूंजा था और शिवसेना यूबीटी के सदस्य अनिल परब ने इस मुद्दे को उठाया और सिक्योरिटी नंबर प्लेट अनुबंध में अनियमितता का आरोप लगाया था.

क्या है हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट

वैसे बहुत सारे लोगों के मन में यह सवाल अभी भी बना हुआ है कि आखिर ये हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट होता क्या है?


असल में हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट एल्यूमीनियम से बने नंबर प्लेट होते हैं और इसे कम से कम दो ऐसे स्नैप-ऑन लॉक की मदद से फ़िक्स किया जाता है, जिनका दोबारा इस्तेमाल नहीं किया जा सकता.


प्लेट में ऊपरी बाएं कोने पर नीले रंग में अशोक चक्र का हॉट-स्टैंप्ड क्रोमियम-आधारित होलोग्राम होता है.


इस प्लेट के निचले बाएं कोने पर, 10 अंकों की स्थायी पहचान संख्या (पिन) लेजर ब्रैंड की हुई होती है. 


एचएसआरपी में अंकों और अक्षरों पर एक हॉट-स्टैंप वाली फिल्म भी होती है, जिसमें 45 डिग्री के कोण पर 'INDIA' लिखा होता है. हॉट-स्टैम्प वाली फिल्म के साथ लिखे गए वर्ण और संख्या, राज्य कोड, जिला या आरटीओ कोड और कार की यूनिक अल्फा-न्यूमेरिक पहचान संख्या को दर्शाते हैं.


यह प्लेट उस वाहन से भी इलेक्ट्रॉनिक रूप से जुड़ी होती है, जहां इसे इंस्टॉल किया जाता है.


पुरानी नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ करना आसान

अप्रैल 2019 से पहले उपलब्ध नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ करना आसान था और इसे आसानी से हटाया और बदला जा सकता था. इससे चोरी के मामलों में बढ़ोतरी हुई.


चोर चोरी करने के बाद लगाए गए रजिस्ट्रेशन नंबर को बदल देते हैं, जिससे अधिकारियों के लिए वाहन को ट्रैक करना लगभग असंभव हो जाता है.


एचएसआरपी नंबर प्लेट एक नॉन-रिमूवेबल स्नैप-ऑन लॉक के साथ आता है जिसे दोबारा इस्तेमाल नहीं किया जा सकता और इसे बदला भी नहीं जा सकता है.


एचएसआरपी रजिस्टर किए गए चुनिंदा ऑटोमोबाइल डीलरों और निजी विक्रेताओं द्वारा इंस्टॉल किए जाते हैं.


जिन्हें राज्य के अधिकारियों द्वारा अनुमोदित किया जाता है. ये प्लेट तभी जारी की जाती हैं, जब कोई वाहन मालिक इंजन नंबर, चेसिस नंबर आदि जैसी जानकारी देता है.


इन अधिकृत नंबर प्लेट को इंस्टॉल करने से इन हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट के नकली होने की संभावना असंभव हो जाती है.


हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट पाने से कार के विवरण, जैसे कि इंजन नंबर, चेसिस नंबर वैगरह के बारे में अहम जानकारी एकत्र करने में मदद मिलती है.


इसे एक केंद्रीय डेटाबेस में स्टोर किया जाता है. आपके वाहन के पिन के साथ-साथ इस जानकारी से आपके वाहन को आसानी से ट्रैक करने में मदद मदद मिलती है.


पहले लगाए गए नंबर प्लेट, वाहन मालिकों द्वारा अपनी पसंद के हिसाब से तय किए गए अलग-अलग फोंट और शैलियों के साथ आते थे.


इससे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के लिए वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर को पढ़ना मुश्किल हो जाता था. खासकर तब, जब वह चल रहा हो.


हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट के साथ, पंजीकरण प्लेटों में एक तरह के ही फोंट और स्टाइल होंगे, जिससे उन्हें आसानी से समझने में मदद मिल सके.


2019 के पहले के वाहनों में लगी थी पुरानी प्लेट

सरकार ने कहा था कि सभी वाहन मालिकों को जुलाई 2022 से पहले एचएसआरपी लगा लेना होगा.


2019 के बाद बिकने वाली नंबर प्लेट में पहले से ही एचएसआरपी लगी होती है.


इसलिए जिन लोगों ने 2019 से पहले गाड़ियां खरीदी थीं, यह उनके लिए अनिवार्य किया गया था.


बहरहाल छत्तीसगढ़ में इस हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट के लगाये जाने की जिम्मेदारी मेसर्स रियल मेजान इंडिया लिमिटेड और मेसर्स रोसमर्टा सेफ्टी सिस्टम लिमिटेड नाम की कंपनी को सौंपी गई है.


दोनों ही कंपनियां परिवहन विभाग द्वारा निर्धारित शुल्क देने पर वाहन में नंबर प्लेट लगाएंगी.

टारगेट पूरा करने प्रदेश को दो जोन में बांटा गया

जोन A में रायपुर, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बीजापुर, सुकमा, नारायणपुर, बलरामपुर, सूरजपुर, कोंडागांव, मुंगेली, बेमेतरा, कवर्धा, कोरबा, जांजगीर-चांपा आरटीओ कार्यालय शामिल हैं.


वहीं जोन B में RTO कार्यालय रायगढ़, गरियाबंद, जशपुर, धमतरी, बलौदाबाजार, महासमुंद, राजनांदगांव, बालोद, दुर्ग, दंतेवाड़ा, कांकेर, अम्बिकापुर, बैकुंठपुर, जगदलपुर जिले के पंजीकृत वाहन शामिल हैं.3 नंबर प्लेट लगेंगे

नये नंबर प्लेट को लेकर एक दिलचस्प जानकारी ये है कि पहली बार, आपकी गाड़ी पर 3 नम्बर प्लेट लगाये जाएंगे.


टू व्हीलर में पहली प्लेट शॉकप के पास. दूसरी प्लेट बैक लाइट के पास और तीसरी प्लेट मेडगार्ड के ऊपर. लगाई जाएगी.


इसी तरह थ्री व्हीलर में पहली प्लेट फ्रंट कांच के नीचे, दूसरी प्लेट बैक लाइट के नीचे और तीसरी प्लेट फ्रंट कांच के टॉप या साइड पर लगाई जाएगी


फोर व्हीलर में पहली प्लेट फ्रंट लाइट के नीचे लगाई जाएगी, वहीं दूसरी प्लेट बैक लाइट के नीचे और तीसरी प्लेट बोनट के साइड या फ्रंट में लगाई जाएगी.


अधिक रकम वसूली के नाम पर चुप्पी

छत्तीसगढ़ में नंबर प्लेट लगाने के नाम पर अधिक रकम तो ली ही जा रही है, च्वाइस सेंटर में भी पंजीयन फार्म भरने के नाम पर 200 से 300 रुपये तक वसूले ज रहे हैं.


लेकिन लाख टके का सवाल यही है कि छत्तीसगढ़ में नंबर प्लेट के नाम पर पांच गुना वसूली को लेकर राजनीतिक दलों में चुप्पी क्यों है?


जन प्रतिनिधियों के लिए भले यह छोटा मुद्दा हो सकता है लेकिन छत्तीसगढ़ में 40 लाख गाड़ी मालिकों को प्रभावित करने वाला यह फ़ैसला आम जनता के लिए तो मुश्किल का सबब बनने वाला है.


गाड़ियों की हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (High Security Number Plate) के आवंटन मामले में धांधली कर ठेका लेने वाली एक निजी कंपनी और मेघालय सरकार के परिवहन विभाग के अज्ञात अधिकारियों के खिलाफ सीबीआई ने विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर छापेमारी की है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का फैसला: फतवे की कोई कानूनी मान्यता नहीं, याचिका खारिज

एक दिन पहले

लक्ष्य कोचिंग- दंतेवाड़ा
छत्तीसगढ़ विशेष

दंतेवाड़ा में कोचिंग घोटालाः 68 लाख की एजेंसी बाहर, 90 लाख वाली को काम

2 दिन पहले

महादेव ऐप, सौरभ चंद्राकर, महादेव सट्टा
छत्तीसगढ़ विशेष

महादेव सट्टा के सौरभ चंद्राकर को CBI कल रायपुर अदालत में करेगी पेश

5 दिन पहले

नवजात हाथी का ड्रोन से लिया फोटो
छत्तीसगढ़ विशेष

कोरबा: जंगल में गश्त के दौरान दिखा नवजात हाथी, सुरक्षा में तैनात हुआ ड्रोन

2 सप्ताह पहले

नक्सली
छत्तीसगढ़ विशेष

समर्पण करने वाले नक्सलियों में क्यों मची है खलबली?

2 सप्ताह पहले

File Photo
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ का महासमुंद बना गांजा तस्करी का मुख्य ट्रांजिट कॉरिडोर, 10 टन गांजा जब्त

2 सप्ताह पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP