भारत में 6.3 करोड़ स्नातकों में से 1.1 करोड़ बेरोजगार- रिपोर्ट
नई दिल्ली । डेस्क: अज़ीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी की नवीनतम 'स्टेट ऑफ वर्किंग इंडिया' रिपोर्ट ने देश में शिक्षित युवाओं के रोजगार को लेकर एक चिंताजनक तस्वीर पेश की है. रिपोर्ट के अनुसार, भारत में 20 से 29 वर्ष की आयु के कुल 6.3 करोड़ स्नातकों में से लगभग 1.1 करोड़ युवा वर्तमान में बेरोजगार हैं.
आंकड़ों से पता चलता है कि बेरोजगारी की समस्या 15 से 25 वर्ष की आयु के युवाओं में सबसे अधिक है, जहाँ लगभग 40 प्रतिशत स्नातक काम की तलाश में हैं, जबकि 25 से 29 वर्ष के आयु वर्ग में यह दर 20 प्रतिशत बनी हुई है.
रिपोर्ट में इस बात पर विशेष जोर दिया गया है कि पिछले कुछ दशकों में उच्च शिक्षा में नामांकन तो बढ़ा है, लेकिन उस अनुपात में रोजगार के अवसरों का सृजन नहीं हो सका है. स्थिति यह है कि अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद बेरोजगारी की श्रेणी में आने वाले स्नातकों में से केवल 7 प्रतिशत ही एक साल के भीतर स्थायी वेतन वाली नौकरी पाने में सफल हो पाते हैं.
वर्ष 2004-05 से 2023 के बीच के आंकड़े बताते हैं कि हर साल लगभग 50 लाख नए स्नातक श्रम बाजार में जुड़ रहे हैं, लेकिन उनमें से केवल 28 लाख को ही किसी न किसी तरह का काम मिल पा रहा है, जिनमें स्थायी नौकरियों का हिस्सा बेहद कम है.
आर्थिक तंगी के कारण शिक्षा बीच में छोड़ने वाले छात्रों की संख्या में भी इजाफा हुआ है.
रिपोर्ट के अनुसार, शिक्षा से दूरी बनाने वाले 72 प्रतिशत युवाओं ने इसका मुख्य कारण घरेलू आय में सहायता करने की मजबूरी को बताया है, जो 2017 में 58 प्रतिशत था.
हालांकि, एक सकारात्मक पहलू यह रहा है कि कार्यक्षेत्र में पुरुष और महिला स्नातकों की कमाई के बीच का अंतर कम हुआ है, जो श्रम बाजार में महिलाओं की बेहतर स्थिति की ओर इशारा करता है. इसके बावजूद, युवा स्नातक पुरुषों के शुरुआती वेतन की वृद्धि दर हाल के वर्षों में सुस्त पड़ी है, जिससे शिक्षित कार्यबल के सामने एक अनिश्चित भविष्य की चुनौती खड़ी हो गई है.Symbolic Photo