CAPF में IPS अधिकारियों का दबदबा बढ़ाने का विरोध
नई दिल्ली । डेस्क: केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) में आईपीएस (IPS) अधिकारियों की डेपुटेशन नीति और 'सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेस (जनरल एडमिनिस्ट्रेशन) एक्ट 2026' के खिलाफ पूर्व अर्धसैनिक बलों का गुस्सा फूट पड़ा है.
ऑल इंडिया ऑल एक्स-पैरामिलिट्री फोर्सेज वेलफेयर एसोसिएशन ने घोषणा की है कि वह इस 'दमनकारी' कानून को वापस लेने और पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली जैसी पुरानी मांगों को लेकर 7 नवंबर से दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेगा.
एसोसिएशन का आरोप है कि 9 अप्रैल को लागू हुआ यह नया कानून पैरामिलिट्री कैडर के अधिकारियों के अधिकारों का हनन करता है. इस अधिनियम के लागू होने से पांच प्रमुख सीएपीएफ बलों में आईजी (IG) स्तर के 50 प्रतिशत, अतिरिक्त महानिदेशक (ADG) के कम से कम 67 प्रतिशत और विशेष महानिदेशक (Special DG) व महानिदेशक (DG) के सभी पद आईपीएस अधिकारियों के लिए आरक्षित हो गए हैं.
इसके अलावा डीआईजी (DIG) पदों पर ग्रुप-ए अधिकारियों के लिए तय 50 प्रतिशत की सीमा को भी हटा दिया गया है, जिससे आईपीएस अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति का रास्ता और अधिक चौड़ा हो गया है.
संगठन के सचिव रणबीर सिंह के अनुसार, गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर कानून वापस लेने की गुहार लगाई गई थी, लेकिन सरकार की ओर से कोई जवाब नहीं मिला.
उन्होंने कहा कि शीर्ष पदों पर मैदान में काम करने का अनुभव रखने वाले अधिकारियों के बजाय आईपीएस प्रतिनियुक्ति को प्राथमिकता देना जवानों के स्वाभिमान के खिलाफ है.
संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट ने पिछले साल गृह मंत्रालय को आईजी स्तर तक आईपीएस डेपुटेशन धीरे-धीरे कम करने और कैडर समीक्षा का आदेश दिया था, लेकिन इस आदेश की अनदेखी करते हुए सरकार नया कानून लेकर आ गई. अब अपनी मांगों को मनवाने के लिए पूर्व जवानों के पास विरोध प्रदर्शन ही एकमात्र रास्ता बचा है.