विपक्ष का संचार साथी ऐप पर पेगासस जैसा जासूसी का शक
नई दिल्ली । डेस्क: केंद्र सरकार के नए निर्देश से राजनीतिक बवाल मच गया है. सरकार ने मोबाइल कंपनियों को कहा है कि नए फोन लॉन्च करने से पहले उनमें 'संचार साथी' ऐप इंस्टॉल करें. विपक्षी दल इसे आम लोगों की गोपनीयता पर हमला बता रहे हैं और पुराने पेगासस जासूसी कांड से जोड़ रहे हैं.
कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस जैसे दलों ने इसे 'बिग ब्रदर' की नजर रखने की साजिश करार दिया है. दूसरी ओर, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने साफ किया कि ऐप अनिवार्य नहीं है. यूजर्स इसे डिलीट या डिसेबल कर सकते हैं. उनका कहना है कि यह साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए है, न कि जासूसी के लिए.
विपक्ष ने तीखा हमला बोला है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि गोपनीयता का अधिकार संविधान के अनुच्छेद 21 का हिस्सा है. उन्होंने कहा, "सरकार बिना इजाजत निगरानी नहीं कर सकती. यह ऐप हर भारतीय पर नजर रखने का खतरनाक हथियार है."
कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने इसे 'पेगासस प्लस प्लस' कहा, जिसमें सरकार फोन और निजी जिंदगी पर कब्जा करने की कोशिश कर रही है.
टीएमसी की पश्चिम बंगाल मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा, "पहले पेगासस से फोन में कान लगाए, अब आम नागरिकों की प्राइवेसी छीनने की साजिश. अगला कदम घरों की दीवारों में झांकना होगा." टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी पहले भी पेगासस पर सरकार को घेर चुकी हैं.
सुबह से ही संसद में हंगामा शुरू हो गया. कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने राज्यसभा में 'संचार साथी' ऐप पर चर्चा के लिए स्थगन प्रस्ताव दिया. कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने संसद भवन परिसर में कहा, "यह स्नूपिंग ऐप है. हर नागरिक को अपनी फैमिली या दोस्तों को मैसेज भेजने की आजादी होनी चाहिए, बिना सरकार की नजर के. सरकार तानाशाही थोपने की कोशिश कर रही है."
हंगामे की वजह से राज्यसभा और लोकसभा दोनों सदनों को दोपहर 2 बजे तक स्थगित करना पड़ा. पहले लोकसभा सुबह 12 बजे तक स्थगित हुई, फिर दोबारा हंगामा होने पर फिर से.
सरकार ने बचाव में कहा कि ऐप साइबर सुरक्षा बढ़ाने के लिए है. सिंधिया ने संसद भवन में पत्रकारों से कहा, "मोबाइल का गलत इस्तेमाल कर लोग आम आदमी को ठग रहे हैं. 'संचार साथी' ऐप से फ्रॉड से बचाव होगा. इसमें कोई जासूसी या कॉल मॉनिटरिंग नहीं है. अगर आप नहीं चाहें, तो ऐप डिलीट कर दें या रजिस्टर न करें. यह पूरी तरह वैकल्पिक है और ग्राहक सुरक्षा के लिए है."
उन्होंने जोर दिया कि ज्यादातर लोग साइबर फ्रॉड से अनजान हैं, इसलिए ऐप प्री-लोडेड रखना जरूरी है ताकि लोग जान सकें.
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, "विपक्ष हर मुद्दे पर हंगामा करने की कोशिश करता है. बिना वजह शोर मचाने से कुछ हासिल नहीं होगा."
भाजपा सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, जो आईआईटी पास हैं, ने कहा, "मैं साइबर अटैक की गहराई समझता हूं. यह ऐप डेटा लीक नहीं करेगा, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा बढ़ाएगा." विपक्ष ने निर्देश वापस लेने की मांग की है, जबकि सरकार इसे जनहित का कदम बता रही है. मामला अब और गरमा सकता है.