लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी में विपक्ष
नई दिल्ली । डेस्क: विपक्ष ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की योजना बनाई है. समाचार एजेंसी एएनआई के सूत्रों के अनुसार, विपक्ष बजट सत्र के दूसरे हिस्से में यह प्रस्ताव पेश कर सकता है, जिसके लिए नियमानुसार 20 दिन का नोटिस देना आवश्यक होता है. विपक्ष का आरोप है कि सदन में लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन किया जा रहा है और विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है.
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के.सी. वेणुगोपाल ने इस कदम की पुष्टि करते हुए कहा कि सदन में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को महत्वपूर्ण विषयों, जैसे भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर बोलने की अनुमति नहीं दी जा रही है.
उन्होंने कहा कि संसदीय परंपरा में विपक्ष का नेता 'शैडो प्राइम मिनिस्टर' की भूमिका में होता है, लेकिन वर्तमान में उन्हें अपनी बात रखने का अवसर नहीं मिल रहा है. इसके अलावा, विपक्ष ने 8 सांसदों के निलंबन और सत्ता पक्ष के सदस्यों को मिल रहे विशेष महत्व को भी अविश्वास प्रस्ताव का आधार बनाया है.
विवाद उस समय और गहरा गया जब स्पीकर ओम बिरला ने विपक्षी महिला सांसदों पर गंभीर आरोप लगाए. स्पीकर ने दावा किया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुधवार शाम सदन में न आने की सलाह दी थी क्योंकि उन्हें महिला सांसदों सहित कुछ विपक्षी सदस्यों द्वारा शारीरिक हमले या रास्ता रोके जाने का अंदेशा था.
इस पर पलटवार करते हुए वेणुगोपाल ने कहा कि ऐसी निराधार बयानबाजी सदन के इतिहास में पहले कभी नहीं देखी गई.
सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं का जो भी फैसला होगा, सभी दल उसका पालन करेंगे.
वहीं, कांग्रेस सांसद मल्लु रवि ने इसे लोकतंत्र के लिए काला दिन बताया.
दूसरी ओर, सत्ता पक्ष ने विपक्ष के इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. एलजेपी (रामविलास) के सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ राजनीति कर रही है और सदन की कार्यवाही में बाधा डालना ही उनका एकमात्र उद्देश्य है. फिलहाल सदन में भारी हंगामे के चलते कार्यवाही लगातार बाधित हो रही है.