विपक्षी गठबंधन महिला विरोधी है- सीएम साय का आरोप
रायपुर । संवाददाता: भाजपा ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस को सीधे तौर पर महिला विरोधी करार देते हुए गंभीर आरोप लगाए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार द्वारा लाया गया 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' देश की करोड़ों महिलाओं को राजनीति में 33 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने वाला एक ऐतिहासिक कदम था.
साय के अनुसार, कांग्रेस और उसके साथी दलों ने अपनी परिवारवादी राजनीति और वोट बैंक के स्वार्थ के कारण इस महत्वपूर्ण विधेयक की राह में मुश्किलें खड़ी कीं, जिसे उन्होंने देश की महिलाओं के साथ बड़ा विश्वासघात बताया.
मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में कहा कि आधी आबादी को उनके अधिकारों से वंचित करने के इस 'महापाप' का फल विपक्ष को आने वाले समय में भुगतना पड़ेगा.
उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश की महिलाएं इस अपमान का जवाब देंगी और जनता अब ऐसी राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी.