कोरबा में पुरानी दुश्मनी ने ली युवक की जान
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कोतवाली थाना अंतर्गत रामसागर पारा इलाके में पुरानी रंजिश के चलते एक 22 साल के युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान रवि यादव के रूप में हुई है. रविवार की देर रात जब रवि एक कार्यक्रम से वापस लौट रहा था, तभी विरोधी गुट से उसका सामना हो गया.
शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, जिसने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया. करीब 8 से 10 युवकों ने घेरकर रवि पर लाठी, ईंट और चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस खौफनाक हमले में रवि ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बीच-बचाव करने आया उसका एक दोस्त गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसका इलाज जारी है.
इस पूरी वारदात का एक लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसने शहर में सनसनी फैला दी है.
हत्या की खबर आग की तरह फैलते ही मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों के घर पर धावा बोलकर वहाँ खड़े वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की.
इलाके में तनाव बढ़ता देख पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी तुरंत भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रामसागर पारा में अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है.
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी पिता-पुत्र समेत कुल 7 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है.
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य हमलावरों की पहचान की जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. जल्द ही सभी दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.