सट्टेबाजी गिरोह पर ओडिशा पुलिस का शिकंजा, रायपुर से दो सरगना गिरफ्तार
भुवनेश्वर । डेस्क: ओडिशा की मलकानगिरी पुलिस ने एक बड़े अंतर्राज्यीय ऑनलाइन सट्टेबाजी रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए छत्तीसगढ़ के रायपुर से चार जालसाजों को गिरफ्तार किया है. जिनमें गिरोह के दो मुख्य सरगना शामिल हैं. जांच के दौरान पुलिस ने 142 'म्यूल' बैंक खातों का सत्यापन किया, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि ओडिशा के कोटपाड़ इलाके के बिचौलियों ने निर्दोष ग्रामीणों को मनरेगा भुगतान का झांसा देकर ये खाते खुलवाए थे.
इन खातों की पासबुक और मोबाइल नंबरों को इकट्ठा कर छत्तीसगढ़ के रायपुर में सक्रिय नेटवर्क को कूरियर के जरिए भेजा गया था.
पुलिस के अनुसार, आरोपी एक संगठित नेटवर्क के माध्यम से अवैध सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म चला रहे थे और कई बैंक खातों व डिजिटल भुगतान चैनलों के जरिए लेनदेन का प्रबंधन कर रहे थे.
इस पूरे अवैध कारोबार को नियंत्रित करने के लिए कई व्हाट्सएप ग्रुप बनाए गए थे.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में डिजिटल उपकरण और वित्तीय दस्तावेज जब्त किए हैं.
पुलिस ने विशेष रूप से आदिवासी युवाओं और ग्रामीणों को सचेत किया है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता या व्यक्तिगत जानकारी न दें.
पुलिस का कहना है कि इन खातों का उपयोग साइबर अपराध और अवैध धन हस्तांतरण के लिए किया जाता है, जिससे खाताधारक गंभीर कानूनी मुसीबत में फंस सकते हैं. फिलहाल, पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है.