ओडिशा: तीन महीने से नहीं मिला राशन और पेंशन, बुजुर्ग महिला ने खुदकुशी की
भुवनेश्वर । डेस्क: ओडिशा के गंजाम जिले में सरकारी योजनाओं का लाभ न मिलने से परेशान होकर एक बुजुर्ग महिला ने जहर खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. मृतका की पहचान छड़ेयापदा गांव निवासी साविर्ती डोरा के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि महिला पिछले तीन महीनों से सरकारी राशन और अपनी विधवा पेंशन के लिए पंचायत कार्यालय के चक्कर काट रही थी, लेकिन तकनीकी कमियों के कारण उन्हें उनका हक नहीं मिल पा रहा था.
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, सावित्री सरकारी योजना के तहत हर महीने मिलने वाली ₹1,000 की पेंशन और 5 किलो मुफ्त चावल की हकदार थीं. हालांकि, पिछले तीन महीनों से आधार ऑथेंटिकेशन (Aadhaar Authentication) में आ रही दिक्कतों की वजह से उन्हें यह लाभ नहीं मिल पा रहा था.
इस कारण वह गहरे मानसिक तनाव, घोर आर्थिक तंगी और भुखमरी जैसी स्थिति से गुजर रही थीं.
दुखद बात यह है कि यह घटना ओडिशा के प्रसिद्ध 'राजा' (Raja) त्योहार के पहले दिन हुई, जो राज्य में नारीत्व और उत्सव का प्रतीक माना जाता है.
सावित्री के पड़ोसियों ने बताया कि त्योहार के दिन जहां हर घर में पारंपरिक 'पीठा' (चावल के केक) बनाए जा रहे थे, वहीं उनके घर में खाने के लिए पर्याप्त चावल तक नहीं था.
इसी तंगी और मानसिक आघात से तंग आकर उन्होंने अपने भोजन में जहर मिलाकर खा लिया. रास्ते में बेहोश पाए जाने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया.
सावित्री के पति का निधन 20 वर्ष पहले हो चुका था और वह घर में अकेली रहती थीं. उनकी शादीशुदा बेटियों ने अपनी आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण मदद करने में असमर्थता जताई और कहा कि उनकी मां पूरी तरह से सरकारी मदद पर ही निर्भर थीं.
इस दुखद अंत के बाद स्थानीय सरपंच ने पीड़ित परिवार को ₹3,000 की आर्थिक सहायता दी है और बकाया राशन दिलाने का आश्वासन दिया है. वहीं बेगुनियापाड़ा के ब्लॉक विकास अधिकारी (BDO) सुनील सामंत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश जारी कर दिए हैं और रिपोर्ट आने के बाद सख्त कार्रवाई की बात कही है.