ओडिशा: 1.15 करोड़ के इनामी 10 माओवादियों का आत्मसमर्पण
भुवनेश्वर । डेस्क: ओडिशा के कंधमाल जिले में 1.15 करोड़ रुपये के संयुक्त इनाम वाले 10 माओवादियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया. आत्मसमर्पण करने वालों में माओवादी राज्य समिति का सदस्य (SCM) सानु पोट्टम उर्फ नीतू शामिल है, जिस पर अकेले 55 लाख रुपये का इनाम घोषित था.
इन माओवादियों में छह महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं, जिन्होंने अतिरिक्त महानिदेशक (एंटी-नक्सल ऑपरेशन) संजीव पांडा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में फूलबनी में अपने हथियार डाले.
पुलिस के अनुसार, यह दस्ता कंधमाल-कालाहांडी-बौध-नयागढ़ (KKBN) डिवीजन के तहत सक्रिय था.
आत्मसमर्पण के दौरान इन्होंने दो इंसास राइफल, दो एसएलआर और भारी मात्रा में कारतूस भी सौंपे.
एडीजी संजीव पांडा ने बताया कि दिसंबर 2025 में केंद्रीय समिति के सदस्य गणेश उइके के मारे जाने और सुरक्षाबलों के निरंतर अभियानों के कारण माओवादियों का मनोबल टूट गया है.
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस समर्पण के बाद ओडिशा में सशस्त्र कैडरों की संख्या घटकर अब लगभग 25 रह गई है. राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के तहत इन सभी को वित्तीय सहायता और व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा ताकि वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें.