वन विभाग के गैरकानूनी आदेश पर आपत्ति, मुख्यमंत्री से दखल की मांग
छत्तीसगढ़ बचाओ आंदोलन ने वन विभाग के आदेश पर आपत्ति जाताया
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ वन विभाग द्वारा वन अधिकार का नोडल बनने वाले आदेश का छत्तीसगढ़ बचाओ आन्दोलन ने प्रेस वक्तव्य जारी कर विरोध दर्ज किया है. छत्तीसगढ़ बचाओ आंदोलन के सदस्यों का कहना है कि यह आदेश न केवल वनाधिकार मान्यता क़ानून, 2006 का खुला उल्लंघन है, बल्कि आदिवासी विकास विभाग के विधिसम्मत अधिकार क्षेत्र पर भी सीधा अतिक्रमण है.
उनका कहना है कि इस पत्र के जरिये वन विभाग ग्रामसभाओं व उनकी प्रबंधन समितियों (CFMC) द्वारा तैयार किसी भी प्रबंधन योजना को लागू करने पर रोक लगाने की कोशिश कर रहा है. यह प्रावधान वन आधिकार कानून की मूल भावना ‘समुदाय आधारित वन प्रशासन’ को नष्ट करने का प्रयास है.
अब तक वनाधिकार कानून के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी आदिवासी कार्य मंत्रालय और राज्य में आदिवासी विभाग निभाता रहा है. यह कानून आदिवासी व अन्य परम्परागत वन निवासियों के अधिकारों से जुड़ा है.नियमों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए छत्तीसगढ़ बचाओ आंदोलन का कहना है कि नियम के मुताबिक आदिवासी विभाग ही इसके क्रियान्वयन के लिए जिम्मेदार है. इसके बावजूद वन विभाग स्वयं को सामुदायिक वन अधिकार (CFR) के क्रियान्वयन की नोडल एजेंसी घोषित करने का कुत्सित प्रयास कर चुका है.
बयान में कहा गया है कि विभाग ने अपने ताज़ा आदेश को 28 मई 2020 के उस सरकारी निर्णय पर आधारित बताया है, जिसे भारी जनविरोध के कारण राज्य सरकार स्वयं वापस ले चुकी है. निरस्त आदेश का सहारा लेकर जारी किया गया यह नया परिपत्र स्वयं में अवैध है.
गोदावर्मन वाद एवं ‘नेशनल वर्किंग प्लान कोड 2023’ का भ्रामक हवाला
छत्तीसगढ़ बचाओ आंदोलन ने सवाल उठाते हुए कहा कि विभाग ने सर्वोच्च न्यायालय के टी.एन. गोदावर्मन वाद का उल्लेख करते हुए दावा किया कि देशभर में केवल वर्किंग प्लान आधारित “वैज्ञानिक प्रबंधन” ही मान्य होगा. यदि यही आधार है तो फिर संरक्षित क्षेत्र तथा वन विकास निगम पर अलग प्रबंधन ढाँचे क्यों लागू हैं? स्पष्ट है कि विभाग चयनित मतभेद बनाकर ग्राम सभाओं की संवैधानिक शक्तियों को कुचलना चाहता है.
अपने बयान में सीबीए ने कहा है कि आदेश में चेतावनी दी गई है कि वन विभाग के अतिरिक्त कोई भी संस्था प्रबंधन कार्य न करे. वास्तविकता यह है कि वनों में ग्रामसभाएँ और उनकी CFR व्यवस्थाएँ ही प्रबंधन करती हैं. बाहरी संस्थाएँ तकनीकी सहयोग मात्र देती हैं.
विभाग इसी सहयोग को रोककर ग्राम सभाओं को पुनः ‘निर्भर’ और ‘निर्बल’ बनाना चाहता है, ताकि अवैध कूप कटाई, मोनो कल्चर प्लांटेशन आदि मनमानी गतिविधियाँ बेरोक टोक चल सकें.
वन अधिकारों को कमजोर करने का आरोप
संगठन का कहना है कि हाल के महीनों में छत्तीसगढ़ में ज़बरन बेदखलियों और हज़ारों हेक्टेयर वनभूमि के कार्बन बाज़ार व खनन परियोजनाओं हेतु खुलने की घटनाएँ हुई हैं, जो इस आदेश से सीधा जुड़ाव रखती हैं. वन अधिकार कानून से मान्यता प्राप्त अधिकारों को कमज़ोर कर संसाधनों को कॉर्पोरेट लाभ हेतु खोलने का यह सुनियोजित षड्यंत्र है.
छत्तीसगढ़ बचाओ आन्दोलन का कहना है कि एक तरफ देश के प्रधानमंत्री मोदी जी 'धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान' के तहत ग्राम सभाओं को संरक्षण, संवर्धन और प्रबंधन के लिए 15 लाख रुपये देने की बात कर रहे हैं, जिसकी तैयारी राज्य सरकार भी कर रही है.
दूसरी तरफ वन विभाग अपने एकाधिकार को बढ़ावा दे रहा है. यह स्थिति आदिवासी मंत्रालय और वन विभाग के बीच समन्वय पर भी सवाल खड़ा करती है.
संगठन ने सरकार से की मांग
छत्तीसगढ़ बचाओ आन्दोलन ने आदेश को अवैध बताते हुए,राज्य सरकार से इसे तुरंत रद्द करने और आदिवासी विकास विभाग को ही नोडल एजेंसी बनाए रखने का लिखित आश्वाशन देने की मांग की है.
उनकी मांग है कि ग्रामसभाओं और CFMC द्वारा तैयार प्रबंधन एवं संरक्षण योजनाओं को बिना देरी मान्यता दी जाए तथा आवश्यक तकनीकी वित्तीय समर्थन उपलब्ध कराया जाए. साथ ही सभी ज़बरन बेदखलियाँ रोकी जाएं, पूर्ववर्ती बेदखल परिवारों का तत्काल पुनर्वास एवं वनाधिकार कानून के उल्लंघन पर दोषी अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए.
राज्य कैबिनेट व विधानसभा में समुदाय केंद्रित वन प्रबंधन एवं वन प्रशासन के लोकतंत्रीकरण को सुनिश्चित करने के लिए व्यापक परामर्श के साथ नीतिगत संशोधन लाने की भी मांग की गई है.
छत्तीसगढ़ बचाओ आन्दोलन ने प्रदेश भर की ग्रामसभाओं, जनसंगठनों और नागरिक समाज से इस आदेश को लेकर अपील की है कि लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण परंतु निर्णायक प्रतिरोध दर्ज कराएँ और आदिवासियों वनवासियों के संवैधानिक व कानूनी अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट हों.