OBC क्रीमी लेयर फैसला: SC से केंद्र की मांग, 'पिछली तारीखों से न हो लागू'
नई दिल्ली । डेस्क: केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाकर अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के 'क्रीमी लेयर' निर्धारण पर उसके मार्च के ऐतिहासिक फैसले को पिछली तारीखों से लागू न करने की गुहार लगाई है. कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) के माध्यम से दाखिल अर्जी में केंद्र ने स्पष्ट किया है कि यदि रोहित नाथन मामले में दिए गए फैसले को पिछली तिथियों से लागू किया गया, तो वर्ष 2016 से अब तक हुई 3.7 लाख से अधिक केंद्रीय भर्तियों और देश भर के शैक्षणिक संस्थानों में हुए लाखों दाखिलों पर इसका गंभीर असर पड़ेगा.
सरकार ने अदालत से अनुरोध किया है कि सिविल सेवा परीक्षा (CSE) 2025 और 2026 की प्रक्रियाओं को क्रीमी लेयर की पुरानी व्याख्या के अनुसार ही जारी रखने की अनुमति दी जाए और अपने फैसले की पिछली तारीखों प्रयोज्यता पर स्थिति स्पष्ट की जाए.
पद की समानता तय करने की जटिल प्रक्रिया और व्यावहारिक चुनौतियां
मामले की जड़ 11 मार्च को आए सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले में है, जिसमें कहा गया था कि केवल माता-पिता के वेतन या आय के आधार पर क्रीमी लेयर का निर्धारण नहीं हो सकता, बल्कि इसे उनके पद के स्तर (स्टेटस) के साथ मिलाकर देखा जाना चाहिए. कोर्ट ने पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग (PSU) में कार्यरत उन कर्मचारियों के बच्चों को राहत दी थी, जहां सरकारी पदों के साथ समानता तय नहीं हुई थी.
इस पर केंद्र सरकार का तर्क है कि राज्य के विभिन्न सार्वजनिक संस्थानों में पदों की समानता (इक्विवेलेंस) तय करने में कम से कम दो साल का समय लगेगा, क्योंकि इसके लिए सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से व्यापक विचार-विमर्श आवश्यक है. वहीं, निजी क्षेत्र के पदों के लिए इस तरह की समानता निर्धारित करने में और भी अधिक समय लग सकता है.
अमीरों को लाभ और वास्तविक वंचितों के अधिकारों के हनन की आशंका
सरकार ने शीर्ष अदालत में यह चिंता भी जताई है कि बिना किसी उपयुक्त नीतिगत हस्तक्षेप के फैसले को लागू करने से ऐसी स्थितियां पैदा हो सकती हैं, जहां सालाना 1 करोड़ रुपये से अधिक कमाने वाले माता-पिता के OBC उम्मीदवार भी 'नॉन-क्रीमी लेयर' के दायरे में आ जाएंगे.
केंद्र के अनुसार, यह स्थिति उन गरीब और संसाधन-विहीन उम्मीदवारों के अधिकारों को प्रभावित करेगी जो वास्तव में आरक्षण के हकदार हैं. सरकार का मानना है कि यह स्थिति प्राकृतिक न्याय और निष्पक्षता के सिद्धांतों के पूरी तरह खिलाफ होगी.
मुकदमों की बाढ़ और वरिष्ठता के विवाद का संकट
सुप्रीम कोर्ट के इस आदेश को लागू करने के दुष्परिणामों को रेखांकित करते हुए सरकार ने कहा है कि इससे रेलवे, बैंक, डाक विभाग और अर्धसैनिक बलों जैसी बड़ी परीक्षा संस्थाओं के समक्ष मुकदमों और ज्ञापनों का तांता लग जाएगा. यही नहीं, उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी पिछले वर्षों के अस्वीकृत छात्र नए सिरे से दावेदारी करने लगेंगे.
सरकार ने यह भी उल्लेख किया है कि अदालत के निर्देशानुसार सुपरन्यूमरेरी (अतिरिक्त) पद सृजित करने से न केवल नई प्रशासनिक जटिलताएं पैदा हो रही हैं, बल्कि पुरानी भर्तियों में इसके कारण वरिष्ठता (सिनियोरिटी) को लेकर नए कानूनी विवाद खड़े हो रहे हैं.