TET अनिवार्यता से किसी भी शिक्षक की नौकरी नहीं जाएगी- सीएम
जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने देर रात मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर शिक्षकों से जुड़े कई लंबित और गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की. इस बातचीत का सबसे बड़ा केंद्र प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक स्तर पर टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) की अनिवार्यता और पदोन्नति में इसकी शर्त रही.
शिक्षकों की इस चिंता को दूर करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने साफ शब्दों में आश्वस्त किया कि टीईटी के कारण राज्य के किसी भी शिक्षक की सेवा समाप्त नहीं होगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार ऐसे शिक्षकों के लिए टीईटी परीक्षा उत्तीर्ण करने हेतु आवश्यक और व्यावहारिक व्यवस्थाएं बनाने पर गंभीरता से काम कर रही है.
इसके साथ ही, राज्य सरकार इस विषय के स्थायी समाधान के लिए पड़ोसी राज्यों की नीतियों का भी विश्लेषण कर रही है. मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया कि मध्यप्रदेश और ओडिशा समेत अन्य राज्यों में लागू टीईटी व्यवस्थाओं और नियमों का अध्ययन किया जा रहा है. यदि अन्य राज्यों में कोई व्यावहारिक व शिक्षक-हितैषी मॉडल मिलता है, तो उसे छत्तीसगढ़ में भी लागू करने की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा.
मुलाकात के दौरान फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक मनीष मिश्रा और जशपुर जिलाध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता के नेतृत्व में आए प्रतिनिधियों ने सहायक शिक्षकों की वर्षों पुरानी वेतन विसंगति की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया.
जशपुर जिलाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित कराते हुए कहा कि यह मुद्दा सरकार के 'मोदी की गारंटी' वाले संकल्प पत्र में भी शामिल है. इस पर मुख्यमंत्री ने जल्द ही संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर ठोस कदम उठाने का भरोसा दिया.
इस संवाद के दौरान जशपुर जिले से आई शिक्षिकाओं ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को रक्षा सूत्र बांधकर शिक्षक समुदाय की सुरक्षा और उनके भविष्य के संरक्षण की अपेक्षा रखी. मुख्यमंत्री ने शिक्षकों के समर्पण की सराहना करते हुए उनकी मांगों पर सकारात्मक रुख बनाए रखने की बात कही.
देर रात हुई इस बैठक में कौशल अवस्थी, अश्वनी कुर्रे, टिकेश्वर भोई, आदित्य गौरव साहू और दिनेश नायक समेत कई प्रांतीय व ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे. मुख्यमंत्री से मिले इस ठोस आश्वासन के बाद प्रदेश भर के शिक्षकों में राहत और उम्मीद जगी है, हालांकि फेडरेशन ने स्पष्ट किया है कि वे वेतन विसंगति और पदोन्नति जैसे मुद्दों पर आगे भी संवैधानिक तरीके से अपनी बात रखते रहेंगे.
TET क्या है?
शिक्षक पात्रता परीक्षा या टीईटी (Teacher Eligibility Test) भारत में प्राथमिक (कक्षा 1 से 5) और उच्च प्राथमिक (कक्षा 6 से 8) स्कूलों में शिक्षक बनने की न्यूनतम पात्रता निर्धारित करने के लिए आयोजित की जाने वाली एक राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय परीक्षा है. मुफ्त एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम 2009 और राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) के दिशानिर्देशों के तहत सरकारी तथा निजी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से टीईटी को अनिवार्य बनाया गया था.
यह परीक्षा मुख्य रूप से दो स्तरों पर आयोजित की जाती है: केंद्रीय स्तर पर केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा आयोजित केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) और विभिन्न राज्यों द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय टीईटी (जैसे CGTET, UPTET, MPTET आदि).
परीक्षा में दो पेपर होते हैं-पेपर-1 उन अभ्यर्थियों के लिए होता है जो कक्षा 1 से 5 तक पढ़ाना चाहते हैं, और पेपर-2 उन अभ्यर्थियों के लिए होता है जो कक्षा 6 से 8 तक पढ़ाना चाहते हैं; दोनों कक्षाओं को पढ़ाने के इच्छुक अभ्यर्थी दोनों पेपर दे सकते हैं.
परीक्षा में बाल विकास एवं शिक्षणशास्त्र, भाषा, गणित और पर्यावरण/सामाजिक अध्ययन जैसे विषयों से संबंधित बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQs) पूछे जाते हैं. राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) के वर्ष 2021 के आधिकारिक आदेश के अनुसार, अब टीईटी प्रमाण पत्र की वैधता आजीवन (Lifetime) कर दी गई है. सिटीगाइड खोजें
यह ध्यान रखना आवश्यक है कि टीईटी केवल एक पात्रता या अर्हकारी (Qualifying) परीक्षा है, यह सीधे तौर पर नौकरी की गारंटी नहीं देती, बल्कि इसके उत्तीर्ण अभ्यर्थी ही राज्यों एवं केंद्र की विभिन्न शिक्षक भर्ती परीक्षाओं में आवेदन करने के पात्र होते हैं.