पाकिस्तान-कतर में प्रेस की आजादी नहीं: जेडी वेंस
वाशिंगटन । डेस्क: अमेरिका और ईरान के बीच हुए ऐतिहासिक शांति समझौते की शर्तों को सार्वजनिक करने में हुई देरी पर अब राजनीति गर्मा गई है. अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने इस मामले को लेकर मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे दो देशों पाकिस्तान और कतर पर तीखा तंज कसा है.
वेंस ने शनिवार को मजाकिया लेकिन बेहद सख्त लहजे में इस्लामाबाद और दोहा की प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और कतर के सिस्टम में अमेरिकी संविधान के 'फर्स्ट अमेंडमेंट' (प्रथम संशोधन) जैसी व्यवस्था और मीडिया की स्वतंत्रता मौजूद नहीं है.
राजनयिक मामलों के जानकारों का मानना है कि जेडी वेंस ने भले ही यह बात हल्के-फुल्के अंदाज में कही हो, लेकिन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस बेहद करीबी सहयोगी के बयान में दोनों देशों के प्रति गहरा कटाक्ष छिपा है.
अमेरिकी संविधान का पहला संशोधन नागरिकों को धर्म, अभिव्यक्ति, शांतिपूर्ण प्रदर्शन और प्रेस की स्वतंत्रता जैसे पांच मौलिक अधिकार देता है. ऐसे में अमेरिकी उपराष्ट्रपति की यह टिप्पणी अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान के लिए बड़ी असहजता पैदा करने वाली मानी जा रही है.
गौरतलब है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने बीते 15 जून को इस अंतरिम शांति समझौते का ऐलान किया था, लेकिन वाशिंगटन और तेहरान के बीच हुए इस समझौते (MoU) का आधिकारिक मसौदा दो दिन बाद जारी किया गया.
शनिवार को इस देरी की वजह साफ करते हुए जेडी वेंस ने कहा कि अमेरिका-ईरान समझौते की 14 शर्तों को सार्वजनिक करने में देरी इसलिए हुई क्योंकि पाकिस्तान और कतर में अमेरिका जैसी प्रेस की आजादी नहीं है.
उन्होंने साफ किया कि वाशिंगटन इसे पहले ही जारी करना चाहता था, लेकिन किसी भी तरह की गलतफहमी से बचने के लिए आखिरी वक्त पर कदम पीछे खींचने पड़े.