लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव गिरा
नई दिल्ली । डेस्क: लोकसभा में बुधवार को भारी हंगामे और नारेबाजी के बीच अध्यक्ष ओम बिरला को पद से हटाने के संकल्प को ध्वनि मत से खारिज कर दिया गया. विपक्षी दलों द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से माफी की मांग को लेकर किए जा रहे शोर-शराबे के बीच, पीठासीन अधिकारी जगदंबिका पाल ने घोषणा की कि यह अविश्वास प्रस्ताव गिर गया है.
करीब चार दशकों के लंबे अंतराल के बाद किसी स्पीकर के खिलाफ लाए गए इस प्रस्ताव पर दो दिनों तक तीखी बहस हुई, जिसके अंत में विपक्षी सदस्यों के विरोध के कारण सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई.
चर्चा का जवाब देते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष पर कड़ा प्रहार किया और कहा कि संसदीय इतिहास में यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है कि कुछ दल अध्यक्ष की निष्पक्षता पर सवाल उठा रहे हैं.
अमित शाह ने स्पष्ट किया कि सदन नियमों से चलेगा, किसी पार्टी की मर्जी से नहीं.
उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि भाजपा लंबे समय तक विपक्ष में रही, लेकिन उसने कभी स्पीकर के खिलाफ ऐसा प्रस्ताव नहीं लाया.
चर्चा के दौरान विपक्षी सदस्यों ने शाह की कुछ टिप्पणियों पर आपत्ति जताते हुए माफी की मांग की और सदन के बीचों-बीच आकर नारेबाजी की. गौरतलब है कि पूरी बहस के दौरान अध्यक्ष ओम बिरला सदन में उपस्थित नहीं थे.