नीतीश कुमार का बड़ा फैसला: सीएम पद छोड़ अब जाएंगे राज्यसभा
पटना । डेस्क: बिहार की राजनीति में एक युग का अंत होने जा रहा है क्योंकि मुख्यमंत्री और जदयू प्रमुख नीतीश कुमार ने घोषणा की है कि वे राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे. इस फैसले के साथ ही बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का उनका कार्यकाल समाप्त हो जाएगा.
नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर अपनी भावनाओं को साझा करते हुए बताया कि उनके मन में लंबे समय से संसद के दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) और राज्य विधानमंडल के दोनों सदनों (विधानसभा और विधान परिषद) का सदस्य बनने की इच्छा थी. वे पहले ही लोकसभा सांसद, विधायक और एमएलसी रह चुके हैं, और अब राज्यसभा का सदस्य बनकर वे इस 'चौके' को पूरा करना चाहते हैं.
पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में…
— Nitish Kumar (@NitishKumar) March 5, 2026
नीतीश कुमार ने बिहार की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले दो दशकों से मिले भरोसे के कारण ही वे राज्य की सेवा कर पाए हैं.
उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद भी वे विकसित बिहार के लिए काम करना जारी रखेंगे और नई सरकार को उनका पूर्ण समर्थन और मार्गदर्शन प्राप्त होगा.
2025 के विधानसभा चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद नीतीश कुमार के इस कदम से अब बिहार में पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है.
माना जा रहा है कि बिहार की पांच राज्यसभा सीटों के लिए होने वाले चुनाव में नीतीश कुमार की जीत लगभग तय है. इस बीच चर्चा यह भी है कि उनके बेटे निशांत कुमार को नई सरकार में उपमुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी दी जा सकती है.