तिरुचि-चेन्नई हाईवे पर बस और दो कारों की टक्कर में 9 की मौत
चेन्नई । डेस्क: तमिलनाडु के तिरुचि-चेन्नई नेशनल हाईवे पर बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई और 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. यह दुर्घटना थिट्टाकुडी के पास एझुथुर में उस समय हुई जब राज्य परिवहन निगम की एक बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर फांदते हुए सामने से आ रही दो एसयूवी कारों से टकरा गई.
पुलिस के अनुसार, बस तिरुचि से चेन्नई की ओर जा रही थी, तभी अचानक उसका अगला टायर फट गया. टायर फटने के कारण चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे बस डिवाइडर पार कर दूसरी दिशा से आ रही कारों पर चढ़ गई.
हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग दोनों कारों में सवार थे. सूचना मिलते ही रामनाथम पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
इस भीषण टक्कर के कारण नेशनल हाईवे पर काफी समय तक यातायात बाधित रहा. पुलिस फिलहाल मृतकों की पहचान करने में जुटी है.