अब आसानी से नहीं मिलेगी निकोटीन गम और लोज़ेंज, सख्त नियम बनेंगे
नई दिल्ली । डेस्क: भारत में अब निकोटीन गम और लोज़ेंज जैसी दवाओं को खरीदना पहले जैसा आसान नहीं रहेगा. ड्रग्स टेक्निकल एडवाइजरी बोर्ड (DTAB) ने सिफारिश की है कि अब सिर्फ 2 मिलीग्राम वाली बिना फ्लेवर की निकोटीन गम को ही बिना डॉक्टर के पर्चे या विशेष लाइसेंस के बेचने की अनुमति दी जाए.
इसके अलावा, निकोटीन लोज़ेंज और अन्य फ्लेवर वाली गम्स को इस छूट से बाहर रखने की सलाह दी गई है, यानी इन्हें बेचने के लिए अब दुकानदारों के पास बिक्री लाइसेंस होना अनिवार्य होगा.
बोर्ड ने यह फैसला इसलिए लिया है ताकि इन उत्पादों का गलत इस्तेमाल न हो.
विशेषज्ञों का मानना है कि कई बार लोग सिगरेट छोड़ने के बजाय इन उत्पादों का इस्तेमाल नशे के विकल्प के रूप में करने लगते हैं. साथ ही, बच्चों और युवाओं में इसकी बढ़ती पहुंच को लेकर भी चिंता जताई गई है.
नई सिफारिशों के तहत अब इन उत्पादों को नाबालिगों को बेचना पूरी तरह प्रतिबंधित होगा और ऑनलाइन बिक्री पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी.
एक महत्वपूर्ण बात यह भी कही गई है कि तंबाकू बनाने वाली कंपनियों को निकोटीन रिप्लेसमेंट थेरेपी (NRT) के बाजार से दूर रखा जाना चाहिए, क्योंकि इसमें हितों का टकराव हो सकता है.
फिलहाल भारत में सिगरेट बनाने वाली कुछ बड़ी कंपनियां भी निकोटीन गम के बाजार में मौजूद हैं.
मेडिकल काउंसिल (ICMR) का भी मानना है कि इन दवाओं का इस्तेमाल केवल डॉक्टर की सलाह पर ही होना चाहिए. सरकार का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि लोग तंबाकू छोड़ने के लिए इनका सही इस्तेमाल करें, न कि इन्हें किसी नए नशे की तरह अपना लें.