जिम में महिलाओं के शोषण और धर्मांतरण के आरोपों पर NHRC सख्त
नई दिल्ली । डेस्क: राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने देशभर के जिम और फिटनेस केंद्रों में महिलाओं के साथ कथित शोषण और जबरन धार्मिक धर्मांतरण की शिकायतों पर कड़ा रुख अपनाया है. आयोग के सदस्य प्रियांक कानूनगो ने बुधवार, 4 फरवरी 2026 को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों, केंद्रीय खेल मंत्रालय और भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) को नोटिस जारी कर इस संबंध में विस्तृत जवाब मांगा है.
आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिम जैसे प्रतिष्ठानों के लिए कड़े दिशानिर्देश, पंजीकरण मानक और नीतियां निर्धारित की जाएं ताकि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.
यह मामला उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद सामने आया है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि जिम की आड़ में महिलाओं को लक्षित करने के लिए एक संगठित रैकेट चलाया जा रहा है. शिकायतकर्ता ने पुलिस की मिलीभगत और मानवाधिकारों के हनन का मुद्दा भी उठाया था.
NHRC ने इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि अनैतिक गतिविधियों के साथ-साथ घटिया सप्लीमेंट और अनियंत्रित शारीरिक गतिविधियां भी लोगों के स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा हैं.
आयोग ने खेल मंत्रालय और सभी राज्य सरकारों से दो सप्ताह के भीतर मौजूदा नियमों और भावी कार्ययोजना पर रिपोर्ट पेश करने को कहा है ताकि इस क्षेत्र में हो रही अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाई जा सके.