नक्सली महासचिव देवजी के तेलंगाना पुलिस के सामने सरेंडर की खबर
रायपुर । संवाददाता: भारतीय माओवादी संगठन के शीर्ष नेतृत्व के सरेंडर को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है. सूत्रों के मुताबिक, संगठन के नवनियुक्त महासचिव टिप्पिरी तिरुपति, जिन्हें 'देवजी' के नाम से जाना जाता है, ने अपने साथी सेंट्रल कमेटी मेंबर (CCM) संग्राम के साथ तेलंगाना पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है.
हालांकि, पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक इस खबर की आधिकारिक पुष्टि होना शेष है, लेकिन जानकार इसे नक्सली विचारधारा और संगठन के लिए अब तक का सबसे बड़ा आघात मान रहे हैं.
गौरतलब है कि देवजी को कुछ समय पहले ही संगठन की कमान सौंपी गई थी. उनसे पहले महासचिव रहे नम्बाला केशव राव उर्फ बसवराजू की पिछले साल छत्तीसगढ़ में एक सुरक्षा अभियान के दौरान मौत हो गई थी.
यदि देवजी के सरेंडर की पुष्टि हो जाती है, तो यह एक साल के भीतर दूसरी बार होगा जब प्रतिबंधित संगठन का शीर्ष पद खाली हो जाएगा. चर्चा यह भी है कि देवजी के साथ कई अन्य सशस्त्र कैडर भी मुख्यधारा में लौट सकते हैं.
देवजी का नाम पिछले साल नवंबर में भी चर्चा में आया था, जब छत्तीसगढ़-आंध्र प्रदेश सीमा पर स्थित मारेडुमिल्ली के जंगलों में एक मुठभेड़ हुई थी. उस दौरान सुरक्षा बलों की कार्रवाई में हिड़मा के साथ देवजी के मारे जाने की खबरें भी उड़ी थीं, परंतु आधिकारिक तौर पर कुछ स्पष्ट नहीं हो पाया था.
वर्ष 2025 से ही देवजी के मारे जाने या सरेंडर करने को लेकर लगातार कयास लगाए जाते रहे हैं. अब तेलंगाना में उनके आत्मसमर्पण की सूचना ने देश की आंतरिक सुरक्षा एजेंसियों के बीच हलचल तेज कर दी है.
उधर, छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि आत्मसमर्पण करने वाला देवजी, संगठन के पूर्व प्रमुख बसवाराजू के बाद महासचिव का पद संभाल रहा था और कई वर्षों से नक्सली गतिविधियों का संचालन कर रहा था. वहीं, मल्ला राजू रेड्डी दशकों से छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ और महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जैसे दुर्गम क्षेत्रों में सक्रिय रहकर माओवादी कैडरों का नेतृत्व कर रहा था. इन दोनों शीर्ष नेताओं का मुख्यधारा में लौटना संगठन के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है.
विजय शर्मा ने विश्वास जताते हुए कहा कि अब नक्सल विरोधी अभियान अपने निर्णायक और अंतिम दौर में प्रवेश कर चुका है. उनके अनुसार, संगठन में अब केवल एक ही शीर्ष नेता बचा है जो काफी बुजुर्ग है, जबकि अन्य एक-दो नेता सक्रिय नहीं रह गए हैं.
गृह मंत्री ने दावा किया कि जिस गति से ऑपरेशन्स चल रहे हैं, 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद का पूरी तरह सफाया हो जाएगा. हाल ही में कर्रेगुट्टा इलाके में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने 89 आईईडी (IED) बरामद किए हैं, जिससे नक्सलियों के मजबूत किले ढहने की कगार पर हैं. इस पूरी सफलता का श्रेय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की विशेष रणनीति और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुरक्षाबलों को दी गई परिचालन स्वतंत्रता को दिया गया है.