नेपाल: गोरखा में माइक्रोबस दुर्घटनाग्रस्त, 7 भारतीय तीर्थयात्रियों की मौत
गोरखा । डेस्क: नेपाल के गोरखा जिले में शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में सात भारतीय तीर्थयात्रियों की मौत हो गई. जिला ट्रैफिक पुलिस कार्यालय के प्रमुख सूरज अर्याल के अनुसार, यह दुर्घटना शहीद लखन ग्रामीण नगरपालिका-3 के कांतार में हुई.
मनकामना मंदिर में पूजा-अर्चना कर वापस लौट रही एक माइक्रोबस अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 150 मीटर नीचे जा गिरी.
हादसे के वक्त वाहन में कुल 16 लोग सवार थे, जिनमें 14 तीर्थयात्री थे.
मृतक सभी भारतीय नागरिक हैं, जिनमें दो महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं.
पुलिस ने बताया कि इस घटना में घायल हुए सात अन्य यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और उनका अंबुखैरेनी के एक अस्पताल में उपचार चल रहा है.
फिलहाल पुलिस प्रशासन मामले की जांच कर रहा है और विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा है.