गुरू, 12 नव. 2026

CGKhabar

नेपाल: बुढ़ी गंडकी नदी में भीषण फ्लैश फ्लड, 35 से अधिक घर और पुल बहे

C

CG Khabar

11 अक्टू. 2026, 07:13 AM 2 मिनट में पढ़ें 40

नेपास फ्लैश फ्लड
नेपास फ्लैश फ्लड

काठमांडू । डेस्क: नेपाल के उत्तरी गोरखा जिले में रविवार तड़के बुढ़ी गंडकी नदी में अचानक आई मलबे से भरी भीषण बाढ़ (फ्लैश फ्लड) ने भारी तबाही मचाई है. इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 35 से अधिक घर, दो सस्पेंशन ब्रिज और एक जलविद्युत परियोजना का कैंप पूरी तरह बह गया है. 


गंडकी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने के कारण स्थानीय प्रशासन ने नदी के तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को तुरंत सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की है.

विज्ञापन


प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तड़के करीब 4 बजे स्थानीय लोगों ने नदियों से तेज गर्जना की आवाजें सुनीं, जिसके बाद चुमनुबरी ग्रामीण नगरपालिका के सल्लेरी, पईयुका, जगत, लोकपा और चुमलिंग जैसे क्षेत्रों में हड़कंप मच गया. लोग अपना सामान छोड़कर जान बचाने के लिए भाग निकले. 


आशंका जताई जा रही है कि स्यूर खोला (सहायक नदी) में भूस्खलन के कारण पानी का बहाव बाधित हुआ, जिससे बाद में यह विनाशकारी बाढ़ आ गई.


राहत और बचाव कार्य के लिए नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाली सेना की टुकड़ियों को तुरंत तैनात किया गया है. प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने बताया कि सेना ने जगत क्षेत्र से भूस्खलन के खतरे से 6 लोगों को सुरक्षित निकाला है, वहीं जलविद्युत परियोजना के 18 कर्मचारी भी सुरक्षित बच निकलने में सफल रहे हैं. 


गृह मंत्री सूडान गुरुंग के अनुसार, प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को निकालने और राहत सामग्री पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टरों की मदद ली जा रही है. 


राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (NDRRMA) ने गोरखा, तनहुं, चितवन, पूर्वी नवलपरासी और पश्चिमी नवलपरासी जिलों में अलर्ट जारी कर दिया है. फिलहाल इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन नुकसान का दायरा काफी बड़ा बताया जा रहा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP