नेहरू चीन से अच्छे रिश्ते चाहते थे, तिब्बत के बाद बदली स्थिति: CDS
देहरादून । डेस्क: चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने भारत-चीन संबंधों के ऐतिहासिक और रणनीतिक पहलुओं पर महत्वपूर्ण टिप्पणी की है. देहरादून में 'भारत हिमालयन इंटरनेशनल स्ट्रैटेजिक मंच' (BHISM) के उद्घाटन के दौरान उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भारत चीन के साथ बेहतर संबंध बनाने का इच्छुक था और इसी मंशा के साथ तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने 'पंचशील समझौते' की दिशा में कदम बढ़ाए थे.
जनरल चौहान ने स्पष्ट किया कि उस समय सीमाओं का निर्धारण पूरी तरह स्पष्ट नहीं था, जिसके कारण भारत ने कूटनीतिक स्थिरता को प्राथमिकता दी.
जनरल चौहान ने रेखांकित किया कि जब चीन ने तिब्बत पर नियंत्रण किया, तो भारत और तिब्बत के बीच का 'हिमालयी बफर' खत्म हो गया और यह सीधे तौर पर एक सक्रिय सीमा में बदल गया.
उन्होंने बताया कि 1954 के समझौते के बाद भारत को लगा कि उत्तरी सीमा का मुद्दा सुलझ गया है, लेकिन चीन का रुख अलग था. चीन ने तर्क दिया कि यह समझौता केवल व्यापार के लिए था, सीमा विवाद के समाधान के लिए नहीं.
सीडीएस ने वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य पर जोर देते हुए कहा कि हिमालयी सीमाओं का रणनीतिक महत्व लगातार बढ़ रहा है, जिसके लिए सरकार सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास और एकीकृत रणनीतिक योजना पर विशेष ध्यान दे रही है. उन्होंने जलवायु परिवर्तन, जल सुरक्षा और सैन्य आधुनिकीकरण जैसे विषयों को भी समग्र हिमालयी दृष्टिकोण से देखने की आवश्यकता बताई.