बुध, 18 नव. 2026

CGKhabar

NEET-UG 2026: नागपुर के छात्र को मिला अबू धाबी में परीक्षा केंद्र

C

CG Khabar

20 जून 2026, 08:06 AM 3 मिनट में पढ़ें 20

अबू धाबी
अबू धाबी

नागपुर । डेस्क: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा 'नीट-यूजी 2026' की पुनर्परीक्षा से ठीक एक दिन पहले शनिवार को एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल और राजनीतिक विवाद सामने आया है. महाराष्ट्र के नागपुर के रहने वाले एक छात्र अब्दुल्ला तालिब को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा भारत के बजाय सीधे संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अबू धाबी में परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया गया. 


इस बड़ी गड़बड़ी के सामने आते ही देश के सियासी गलियारों में उबाल आ गया और मुख्य विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया. हालांकि, चौतरफा घिरने के बाद एनटीए ने आनन-फानन में छात्र का परीक्षा केंद्र बदलकर वापस नागपुर कर दिया है.

विज्ञापन


प्राप्त जानकारी के अनुसार, नागपुर के छात्र अब्दुल्ला तालिब ने रविवार को होने वाली नीट-यूजी पुनर्परीक्षा के लिए नागपुर, वर्धा और भंडारा के विकल्प चुने थे. लेकिन शनिवार को जब उन्होंने अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड किया, तो उसमें परीक्षा केंद्र अबू धाबी लिखा देखकर पूरा परिवार सदमे में आ गया. 


छात्र के पास न तो पासपोर्ट था और न ही परिवार के पास अचानक विदेश जाने के संसाधन. इस गंभीर लापरवाही के खिलाफ छात्र के पिता डॉ. मोहम्मद तालिब ने तुरंत एनटीए से संपर्क कर सुधार की मांग की.


यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल होते ही राजनीतिक मुद्दा बन गया. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने लिखा कि जो सिस्टम छात्र को उसके अपने शहर में केंद्र नहीं दे सकता, उसे परीक्षा कराने का कोई अधिकार नहीं है. 


राहुल गांधी ने इसे युवाओं के भविष्य और मानसिक शांति के साथ खिलवाड़ बताया. वहीं, आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने इसे प्रशासनिक विफलता का चरम बताते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए. कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और तृणमूल कांग्रेस ने भी इस मुद्दे पर सरकार को जमकर घेरा.


मामले के तूल पकड़ने और चौतरफा दबाव के बाद एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने सफाई दी. उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई (ANI) से बातचीत में स्पष्ट किया कि छात्र की शिकायत का संज्ञान लेते हुए समस्या का समाधान कर दिया गया है और अब उम्मीदवार को नागपुर में ही नया परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया गया है.


गौरतलब है कि पिछले 3 मई को आयोजित हुई नीट-यूजी परीक्षा के पेपर लीक के आरोपों और धांधली के बाद केंद्र सरकार ने जांच सीबीआई को सौंपी थी और परीक्षा रद्द कर दी थी. अब यह पुनर्परीक्षा रविवार, 21 जून को दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक देश-विदेश के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की जा रही है, जिसमें 22.79 लाख से अधिक छात्र शामिल हो रहे हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP