नीट री-एग्जाम: राहुल गांधी की PM से अपील- इस बार न हो कोई गड़बड़ी
नई दिल्ली । डेस्क: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा 'नीट-यूजी 2026' की दोबारा परीक्षा रविवार को आयोजित होने जा रही है. पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द हुई मूल परीक्षा के करीब सात हफ्ते बाद हो रहे इस री-एग्जाम में देश-विदेश के 551 शहरों में 22.79 लाख से ज्यादा छात्र शामिल होंगे.
इस बीच, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो जारी कर छात्रों को शुभकामनाएं दी हैं और केंद्र सरकार व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से परीक्षा को बिना किसी गड़बड़ी के पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने की अपील की है.
राहुल गांधी ने छात्रों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि देश के मेडिकल एस्पिरेंट्स पहले ही बहुत मानसिक तनाव से गुजर चुके हैं, इसलिए वे अब दोबारा किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं कर सकते. उन्होंने सरकार से मांग की कि इस बार परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की तकनीकी खामी या 'ग्लिच' न आए ताकि छात्रों का भविष्य सुरक्षित रहे.
दूसरी ओर, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं. शनिवार को देश भर में एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया और दिल्ली स्थित एनटीए कार्यालय की सुरक्षा भी कड़ी कर दी गई है.
यह परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी, जबकि दिव्यांग उम्मीदवारों (PwD) को शाम 6:20 बजे तक का समय मिलेगा. एनटीए ने सख्त निर्देश जारी किए हैं कि दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी छात्र को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा.