बुध, 18 नव. 2026

CGKhabar

NEET लीक: शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के लिए कांग्रेस का देशव्यापी आंदोलन

C

CG Khabar

26 जून 2026, 08:05 AM 2 मिनट में पढ़ें 19

राहुल गांधी
राहुल गांधी

नई दिल्ली । डेस्क: नीट पेपर लीक विवाद को लेकर देश में सियासी पारा लगातार गरमाता जा रहा है. विपक्षी दल कांग्रेस ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरने के लिए एक बड़े राष्ट्रव्यापी आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है. कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर 40 दिनों के व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम, विरोध प्रदर्शनों और सार्वजनिक चर्चाओं की घोषणा की है.


इस बड़े अभियान की जानकारी देते हुए कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने बताया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में 'छात्रों की गूंज' नाम से रैलियों की शुरुआत की जा रही है. कांग्रेस की मांग है कि शिक्षा मंत्री तुरंत अपने पद से इस्तीफा दें, पूरे मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच हो, परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार किया जाए और परीक्षाओं व भर्तियों के लिए एक निश्चित वार्षिक कैलेंडर जारी किया जाए.

विज्ञापन


गौरव गोगोई ने देश में पेपर लीक की गंभीर स्थिति पर चिंता जताते हुए एक रिपोर्ट का हवाला दिया, जिसके अनुसार पिछले एक दशक में देश में लगभग 89 संदिग्ध पेपर लीक की घटनाएं हुई हैं, जिससे करीब 6.5 करोड़ अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है. उन्होंने कहा कि बार-बार परीक्षाओं का रद्द होना और दोबारा परीक्षा का आयोजन छात्रों के लिए मानसिक प्रताड़ना बन चुका है.


कांग्रेस की योजना 30 जून से देश के 28 बड़े शहरों में पर्चे बांटकर और छात्रों से मिलकर इस अभियान को तेज करने की है. जुलाई महीने में यह आंदोलन पूरे देश के विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और हॉस्टलों तक पहुंचेगा. कांग्रेस इस दौरान छात्रों और कोचिंग सेंटरों से फीडबैक भी लेगी ताकि मौजूदा परीक्षा प्रणाली के विकल्प का एक मजबूत खाका तैयार किया जा सके.


कांग्रेस ने साफ चेतावनी दी है कि यदि 9 अगस्त तक सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानीं, तो देश भर के छात्र और कांग्रेस कार्यकर्ता 'दिल्ली चलो' के नारे के साथ संसद का घेराव करेंगे. गौरतलब है कि इस मुद्दे पर जंतर-मंतर पर पहले से ही विभिन्न छात्र संगठनों और विपक्षी दलों का अनिश्चितकालीन धरना जारी है, जिससे सरकार पर दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP