बस्तर से नक्सली गये, पेट्रोल चोर आये !
बस्तर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले से एक बेहद हैरान और थोड़ा मुस्कुराने पर मजबूर कर देने वाला मामला सामने आया है. भानपुरी इलाके में बीती रात एक चोर ने पुलिस थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित तीन दुकानों के ताले चटका दिए.
लेकिन इस चोरी की सबसे दिलचस्प बात यह रही कि चोर ने दुकानों में रखे किसी भी कीमती सामान को हाथ तक नहीं लगाया. इसके बजाय, उसने दुकान के अंदर जर्किन (कैन) में रखा 25 लीटर पेट्रोल और कुछ खाने-पीने का सामान चोरी किया और रफूचक्कर हो गया.
यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. देश भर में पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के बीच हुई इस अनोखी चोरी को लेकर स्थानीय लोग चुटकी ले रहे हैं.
लोगों का कहना है कि चोर को शायद दुकानों में सोना-चांदी नहीं मिला, तो उसने आज के समय की सबसे कीमती चीज यानी पेट्रोल पर ही हाथ साफ करना बेहतर समझा.
बहरहाल, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की तलाश शुरू कर दी है. AI Generated Symbolic Photo.