बीजापुर में सड़क निर्माण ठेकेदार की नक्सलियों द्वारा हत्या
बीजापुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के नक्सल प्रभावित पामेड़ क्षेत्र में नक्सलियों ने एक सड़क ठेकेदार की हत्या कर दी. सड़क ठेकेदार उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के कोरांव थाना क्षेत्र के तुलापुर गांव के रहने वाले थे.
गौरतलब है कि रविवार शाम सड़क निर्माण कार्य की निगरानी के लिए इरापल्ली इलाके में पहुंचे ठेकेदार इम्तियाज़ अली को नक्सलियों ने उस समय अगवा कर लिया जब वह साइट निरीक्षण कर रहे थे.
पुलिस का कहना है कि इम्तियाज़ अली अपने सहयोगी के साथ निर्माण कार्य की समीक्षा कर रहे थे, तभी हथियारबंद नक्सलियों के एक समूह ने उन्हें घेर लिया. इस दौरान उनका सहयोगी किसी तरह मौके से भाग निकलने में सफल रहा और सीधे निकटतम पुलिस सुरक्षा शिविर पहुंचकर घटना की जानकारी दी.
सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीमें ठेकेदार की तलाश में जुटीं. सोमवार सुबह चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान जंगल क्षेत्र से इम्तियाज़ अली का शव बरामद किया गया. प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि ठेकेदार की हत्या की गई. शव के पास से प्राप्त नक्सली पर्चों में सड़क निर्माण कार्य का विरोध दर्ज किया गया है.
इरापल्ली क्षेत्र लंबे समय से माओवादी गतिविधियों का केंद्र माना जाता है. नक्सलियों की धमकियों के बावजूद सड़क निर्माण कार्य जारी था, जिसे लेकर माओवादी नाराज बताए जा रहे हैं.
इम्तियाज़ अली की हत्या से सड़क निर्माण कार्य से जुड़े मजदूरों और मशीन ऑपरेटरों के बीच भारी दहशत का माहौल है.
बीजापुर के एसपी जितेंद्र यादव ने कहा कि इस वारदात के पीछे नक्सलियों की मंशा स्पष्ट है-विकास कार्यों को रोकना और ग्रामीणों में भय का माहौल पैदा करना. उन्होंने बताया कि मामले की जांच शुरू हो चुकी है, आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.
इस घटना के बाद पूरे पामेड़ और इरापल्ली क्षेत्र में तनाव फैल गया है. बताया जा रहा है कि सीपीआई माओवादी की पामेड़ एरिया कमेटी ने हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए सड़क निर्माण का विरोध किया है.
बीते वर्षों में सड़क निर्माण से जुड़े इंजीनियरों, ठेकेदारों और स्टाफ़ पर हमले नक्सलियों की परिचित रणनीति का हिस्सा रहे हैं. इससे पहले भी बीजापुर में इंजीनियर पर हमले, बेदरे पुल निर्माण के कर्मचारियों का अपहरण कर बाद में रिहाई, तुमनार में पीएमजीएसवाई ठेकेदार की हत्या और रेड्डी क्षेत्र में ठेकेदार धर्मेंद्र गर्ग की हत्या जैसी घटनाएं हो चुकी हैं.
इम्तियाज़ अली की हत्या ने एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.