नक्सलियों ने सरपंच प्रत्याशी का गला रेता
नक्सलियों ने सरपंच प्रत्याशी जोगा बारसा का गला रेता
दंतेवाड़ा | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में संदिग्ध नक्सलियों ने फिर अपनी उपस्थिति दिखाते हुए एक सरपंच प्रत्याशी की गला रेतकर हत्या कर दी है. नक्सलियों ने देर रात इस घटना को अंजाम दिया है.
मामला जिले के घोर नक्सल प्रभावित अरनपुर पंचायत का है, जहां जोगा बारसा नाम के सरपंच प्रत्याशी की नक्सलियों ने गुरुवार की रात को घर में घुसकर परिजन के सामने हत्या की हैय. इस घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है.
ग्रामीणो से मिली जानकारी के अरनपुर पंचायत से इस बार जोगा बारसा सरपंच पद के लिए चुनाव लड़ रहे थे.
गुरुवार की रात 7 से 8 की संख्या में संदिग्ध नक्सली जोगा बारसा के सरपंच पारा में मौजूद घर में आ धमके.
नक्सलियों ने कुल्हाड़ी से वार कर घर का दरवाजा तोड़ा और घर के अंदर घुस गए. इसके बाद उन्होंने धारदार हथियार से वार कर जोगा की निर्ममता पूवर्क हत्या कर दी. इस दौरान परिजन बीच-बचाव करने के लिए उन्हें छोड़ देने के लिए विनती करते रहे लेकिन नक्सलियों ने किसी की नहीं सुनी.
परिजनों का कहना है कि संदिग्ध नक्सलियो ने अपनी पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर कपड़ा बांधा हुआ था.
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पहले नक्सलियों की इस वारदात से चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों में भय का माहौल बना हुआ है.
पहले से निशाने पर थे
अरनपुर के ग्रामीणों ने बताया कि जोगा बारसा की पत्नी अरनपुर की सरपंच रह चुकी हैं.
इस बार पुरुष सीट होने के कारण जोगा खुद सरपंच पद के लिए चुनाव लड़ रहे थे. जोगा पहले से ही नक्सलियों के टारगेट में रहे हैं.
इससे पहले भी उन्हें नक्सली धमकी दे चुके थे. लेकिन गुरुवार की रात नक्सलियों ने उन्हें मौत के घाट उतार दिया.
दंतेवाड़ा के एसपी गौरव राय का कहना है कि इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. साथ ही आसपास के इलाके में सर्चिंग बढ़ा दी गयी है.
स्थानीय जनप्रतिनिधियों में भय का माहौल
गौरतलब है कि नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग में पंचायत चुनाव में जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा बस्तर पुलिस के लिए काफी चुनौती पूर्ण होती है.
पिछले 2 साल से नक्सली लगातार स्थानीय जनप्रतिनिधियों की हत्या कर रहे हैं. हालांकि इस बार के चुनाव में पुलिस ने जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा का दावा किया था.
लेकिन ताज़ा घटनाक्रम से अतिसंवेदनशील इलाकों से चुनाव लड़ रहे जनप्रतिनिधियों में भय का माहौल बना हुआ है.