शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के लिए देश भर में मोर्चा- दिपके
नई दिल्ली । डेस्क: नीट-यूजी 2026 (NEET-UG 2026) पेपर लीक और सीबीएसई के नए ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सिस्टम में आई गड़बड़ियों को लेकर देश में सियासी सरगर्मी बढ़ गई है. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर राष्ट्रव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी है. दिपके ने कहा है कि यदि शिक्षा मंत्री अपने पद से इस्तीफा नहीं देते हैं, तो वह छात्रों और युवाओं को लामबंद करने के लिए देश के विभिन्न राज्यों और शहरों का दौरा करेंगे और दिल्ली में एक बड़ा विरोध प्रदर्शन आयोजित करेंगे.
अमेरिका से लौटने के ठीक अगले दिन अभिजीत दिपके ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और इंस्टाग्राम पर जारी एक वीडियो बयान में उन्होंने कहा कि परीक्षाओं में हो रही लापरवाही के कारण देश के एक करोड़ से अधिक छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है.
उन्होंने शिक्षा मंत्री से जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत इस्तीफा देने का आग्रह किया.
इससे पहले महाराष्ट्र में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए दिपके ने इस पूरे मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी घेरा.
उन्होंने कहा कि अगर शिक्षा मंत्री खुद इस्तीफा नहीं देते हैं, तो यह प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी है कि वह उनसे इस्तीफा लें.
यूक्रेन-रूस युद्ध का परोक्ष रूप से जिक्र करते हुए दिपके ने तंज कसा कि जो सरकार कथित तौर पर वैश्विक युद्ध रुकवा सकती है, क्या वह देश में पेपर लीक नहीं रोक सकती?
सीजेपी प्रमुख ने युवाओं और जेन-जी (Gen Z) से अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का आह्वान किया.
उन्होंने कहा कि राजनीति का मतलब सिर्फ पांच साल में एक बार वोट देना नहीं है, बल्कि जनता को अपने चुने हुए प्रतिनिधियों से लगातार सवाल करने चाहिए.
दिपके ने स्पष्ट किया कि जंतर-मंतर के प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया है कि आज का युवा डरने वाला नहीं है और परीक्षा प्रणाली में सुधार होने तक यह लड़ाई जारी रहेगी.