दुर्ग में NPS धोखाधड़ी: जीवित को मृत बताकर 1.19 करोड़ निकाले, एक गिरफ्तार
दुर्ग । संवाददाता: दुर्ग जिले के पाटन थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय पेंशन योजना (NPS) से जुड़ी करीब 1 करोड़ 19 लाख रुपये की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है. पुलिस ने जांच में पाया कि कुछ शातिर लोगों ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों सहित कई जीवित व्यक्तियों को कागजी रूप से मृत घोषित कर फर्जी मृत्यु दावे दाखिल किए और बीमा राशि हड़प ली.
एचडीएफसी लाइफ कंपनी के बोकारो (झारखंड) स्थित प्रबंधक की शिकायत पर पाटन पुलिस ने मामला दर्ज किया.
जांच के दौरान पता चला कि दुर्ग में एक ऑनलाइन सेवा केंद्र चलाने वाला राजेश कन्नौजिया मुख्य रूप से इसमें शामिल था. वह ग्राहकों के आधार, पैन और बैंक विवरण लेकर जाली दस्तावेज तैयार करता था. इनमें से अधिकांश दावे सेवानिवृत्त कर्मचारियों के थे, जहां पते संदिग्ध, क्यूआर कोड अमान्य और बैंक लेन-देन में भी गड़बड़ी मिली.
पुलिस ने आगे पता लगाया कि कंपनी के पूर्व कर्मचारी राजेश ठाकुर ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए जाली दस्तावेज अपलोड किए और गलत सत्यापन कराया. ठगी की यह साजिश काफी सुनियोजित थी, जिसमें फर्जी मौत के दावों से राशि निकाली गई.
दुर्ग ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया गया.
मुख्य आरोपी राजेश कन्नौजिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है. वहीं, पूर्व कर्मचारी राजेश ठाकुर की तलाश जारी है. पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संलिप्त लोगों को भी जल्द पकड़ने का दावा कर रही है.