रवि, 08 नव. 2026

CGKhabar

नारायणपुर: 'मायका सेंटर' और बाइक एम्बुलेंस से सुधरी मातृ स्वास्थ्य सेवाएं

C

CG Khabar

24 सित. 2026, 03:42 AM 2 मिनट में पढ़ें 15

 मायका सेंटर
मायका सेंटर

नारायणपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में स्थित अबुझमाड़ का दुर्गम क्षेत्र, जो कभी कठिन भौगोलिक स्थितियों और नक्सली प्रभाव के कारण विकास से कटा हुआ था, अब मातृ स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नई मिसाल पेश कर रहा है. क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों में आई कमी और बेहतर सुरक्षा स्थिति के बाद, राज्य सरकार द्वारा शुरू किए गए आठ 'मायका सेंटरों' और बाइक एम्बुलेंस सेवा ने यहां गर्भवती महिलाओं के लिए सुरक्षित प्रसव की राह आसान कर दी है.


सघन जंगलों, पहाड़ियों और नदियों से घिरे अबुझमाड़ में वर्षों तक सड़कें और पुल न होने के कारण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचना बेहद मुश्किल था. पहले गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए घंटों पैदल चलना पड़ता था या डोली में लादकर स्वास्थ्य केंद्रों तक ले जाना पड़ता था. 

विज्ञापन


बारिश के मौसम में उफनती नदियों के कारण कई बार अस्पताल पहुंचना असंभव हो जाता था, जिससे मजबूरी में घर पर ही प्रसव कराना पड़ता था. इससे माता और नवजात शिशु दोनों के जीवन पर गंभीर जोखिम बना रहता था.


इस परिस्थिति को बदलने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में 'मायका' कार्यक्रम की शुरुआत की गई. इन सेंटरों पर महिलाओं को प्रसव की संभावित तिथि से 15 से 20 दिन पहले ही भर्ती कर लिया जाता है, जहां उनके रहने, पौष्टिक भोजन, दवाओं और नियमित जांच (जैसे ब्लड प्रेशर, शुगर और मलेरिया) की मुफ्त व्यवस्था होती है. 


इसके साथ ही, जिन इलाकों में चार पहिया वाहन नहीं पहुंच सकते, वहां के लिए बाइक एम्बुलेंस तैनात की गई हैं जो महिलाओं को सुरक्षित रूप से सेंटरों तक पहुंचाती हैं.


स्थानीय प्रशासन के अनुसार, इन आठ मायका सेंटरों में अब तक 280 से अधिक गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण हो चुका है और 80 से अधिक सुरक्षित प्रसव सफलतापूर्वक कराए जा चुके हैं. अदेर मायका सेंटर, जो आसपास के 12 गांवों को कवर करता है, वहां भी अब तक 10 सुरक्षित प्रसव संपन्न हो चुके हैं.


छत्तीसगढ़ के वन मंत्री और नारायणपुर विधायक केदार कश्यप तथा जिला कलेक्टर नम्रता जैन के अनुसार, इन प्रयासों का मुख्य उद्देश्य मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना और शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव (अस्पताल में डिलीवरी) को बढ़ावा देना है. दशकों तक उपेक्षा और भय के साये में जीने वाले अबुझमाड़ के ग्रामीण अब अपने ही क्षेत्र में मिल रही इन बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं से राहत महसूस कर रहे हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP