ननकी राम कंवर ने PWD चीफ इंजीनियर पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृह मंत्री ननकी राम कंवर ने लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता विजय कुमार भतपहरी पर भारी भरकम भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए केंद्र सरकार से सीधे हस्तक्षेप की गुहार लगाई है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर भतपहरी के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो से जांच कराने की मांग की है. इस पत्र की प्रतियां राज्य के मुख्य सचिव विकासशील और लोक निर्माण विभाग के सचिव कमलप्रीत सिंह को भी भेजी गई हैं.
कंवर ने आरोप लगाया है कि भतपहरी ने विभाग में अलग-अलग पदों पर रहते हुए कुछ खास ठेकेदारों को अनुचित फायदा पहुंचाया. कमीशनखोरी और वित्तीय गड़बड़ियों के चलते सरकारी खजाने को भारी नुकसान हुआ है, साथ ही प्रशासन की साख पर भी बट्टा लगा है.
पूर्व मंत्री ने यह भी बताया कि मुख्य अभियंता के खिलाफ 2011 और 2015 में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो तथा एंटी करप्शन ब्यूरो में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज हो चुके हैं, लेकिन कथित राजनीतिक संरक्षण के कारण ये मामले सालों से अटके पड़े हैं और कोई कार्रवाई नहीं हुई.
पत्र में विभागीय पदोन्नति प्रक्रिया (DPC) पर भी सवाल खड़े किए गए हैं. कंवर का कहना है कि कई अधिकारियों के खिलाफ गंभीर मामले लंबित होने के बावजूद उन्हें प्रमोशन मिल गया, जिससे योग्य अफसरों के साथ अन्याय हुआ और विभागीय व्यवस्था पर लोगों का भरोसा डगमगा गया है.
एक खास उदाहरण राजनांदगांव संभाग के मानपुर-संबलपुर सड़क निर्माण का दिया गया है. यहां स्वीकृत बजट से कहीं ज्यादा राशि का भुगतान किया गया, जबकि जांच में निर्माण से जुड़े अहम दस्तावेज गायब पाए गए. इसे उन्होंने बड़ी वित्तीय अनियमितता बताया है.
पूर्व गृह मंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार से सख्त कदम उठाने की अपील की है. उन्होंने मांग की है कि विजय कुमार भतपहरी को फौरन उनके पद से हटाया जाए, सभी पुराने और नए आरोपों की निष्पक्ष CBI जांच हो और विभाग को हुए आर्थिक नुकसान की रकम संबंधित अधिकारी से वसूल की जाए.