नैनिताल में उपराष्ट्रपति धनखड़ अचानक बेहोश हुये
नई दिल्ली । डेस्क: कुमाऊं विश्वविद्यालय के 50वें स्थापना दिवस समारोह में भाग लेने पहुंचे देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को बुधवार को अचानक बेहोशी का सामना करना पड़ा. यह घटना तब हुई जब वह अपने पुराने मित्र और पूर्व सांसद महेंद्र सिंह पाल से मिलने के बाद उनसे बातचीत कर रहे थे.
स्थानीय समाचार सूत्रों के अनुसार, उपराष्ट्रपति धनखड़ ने समारोह में भाषण दिया और मंच से उतरते समय महेंद्र सिंह पाल को देखा, जो उनके पुराने संसदीय सहयोगी रहे हैं.
दोनों 1989 में लोकसभा सांसद के रूप में एक साथ कार्यरत थे. पुरानी यादों में खोये हुए दोनों भावुक हो गये, लेकिन बातचीत के दौरान अचानक उपराष्ट्रपति धनखड़ ने महेंद्र सिंह के कंधे पर सिर टिका दिया और बेहोश हो गये.
उनके साथ मौजूद मेडिकल टीम तुरंत हरकत में आई और प्राथमिक उपचार शुरू किया. कुछ ही देर में उनकी चेतना लौट आई और उनकी हालत में सुधार देखा गया. सूत्रों के मुताबिक, उपराष्ट्रपति की स्थिति अब स्थिर है और वह बुधवार रात को नैनिताल राजभवन में ही रुकेंगे.
उल्लेखनीय है कि उपराष्ट्रपति धनखड़ बुधवार से नैनिताल के तीन दिवसीय दौरे पर हैं. इस घटना ने समारोह में मौजूद लोगों को चिंतित कर दिया था, लेकिन उनकी स्थिति में सुधार होने से सभी ने राहत की सांस ली है.