मुजफ्फरनगर: फैक्ट्री में बंधक 12 मजदूरों की आपबीती
नई दिल्ली । डेस्क: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के मंडी गांव में एक डिस्पोजेबल कटोरी बनाने वाली फैक्ट्री से छुड़ाए गए 12 बंधुआ मजदूरों की आपबीती रोंगटे खड़े करने वाली है. पुलिस और डॉक्टरों के सामने दिए बयानों में जीवित बचे इन मजदूरों ने खुलासा किया है कि उन्हें महीनों तक बंधक बनाकर रखा गया, लोहे की रॉड और नुकीले औजारों से पीटा गया और उन पर नजर रखने के लिए खूंखार पिटबुल नस्ल के कुत्ते तैनात किए गए थे ताकि वे भागने की कोशिश न कर सकें.
यह पूरा मामला तब सामने आया जब राजस्थान के जोधपुर का रहने वाला एक मजदूर किसी तरह बाउंड्री वॉल कूदकर भागने में सफल रहा और पुलिस तक पहुंचा. जिसके बाद तितावी थाना क्षेत्र की पुलिस ने छापेमारी कर इस रैकेट का भंडाफोड़ किया.
अस्पताल में इलाज करा रहे उत्तराखंड के नैनीताल निवासी रामू ने बताया कि उन्हें करीब ढाई महीने पहले नौकरी का झांसा देकर लाया गया था. रामू के मुताबिक, वहां उनके साथ कैदियों जैसा व्यवहार होता था, चोकर वाली सूखी रोटियां दी जाती थीं और जरा सी बात पर रॉड से बेरहमी से पीटा जाता था.
वहीं, सीतापुर के रहने वाले जगदीश ने बताया कि वे 11 महीने तक अपने परिवार से संपर्क नहीं कर पाए और घर जाने का नाम लेने पर उन्हें प्रताड़ित किया जाता था.
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर निवासी नारायण ने पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि रेस्क्यू के बाद उन्हें ऐसा लग रहा है मानो नया जीवन मिल गया हो. डॉक्टरों के अनुसार, मजदूरों के शरीर पर चोटों के गहरे निशान हैं और वे गंभीर मानसिक सदमे (ट्रॉमा) से गुजर रहे हैं.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि मेडिकल जांच में मजदूरों के शरीर पर कई पुराने घाव मिले हैं.
पुलिस अब इस मामले में बंधक बनाने, बंधुआ मजदूरी, दस्तावेज नष्ट करने और मारपीट के अलावा एक अन्य मजदूर अर्जुन की हत्या के आरोपों की भी जांच कर रही है, जिसकी नवंबर 2025 में कथित तौर पर हत्या कर शव फेंक दिया गया था.
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों शिवा त्यागी और प्रदीप बालियान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि फैक्ट्री मालिक अंकित बालियान फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं.