स्टारलिंक को भारत में मिला सैटकॉम लाइसेंस
नई दिल्ली । डेस्क: एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक को भारत के दूरसंचार मंत्रालय से सैटकॉम लाइसेंस मिल गया है. यह स्टारलिंक के लिये एक बड़ी उपलब्धि है, जिसके साथ यह भारत में सैटेलाइट इंटरनेट सेवा प्रदान करने वाली तीसरी कंपनी बन गई है. इससे पहले यूटेलसैट वनवेब और रिलायंस जियो को यह लाइसेंस मिल चुका है.
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को बताया था कि स्टारलिंक को जल्द लाइसेंस दिया जायेगा. साल 2022 से स्टारलिंक भारत में प्रवेश की कोशिश कर रही थी. अब लाइसेंस मिलने के बाद कंपनी जल्द ही अपनी सेवायें शुरू कर सकती है.
हालांकि, स्टारलिंक की सैटेलाइट इंटरनेट सेवा की कीमत अभी आधिकारिक तौर पर घोषित नहीं हुई है.
कंपनी के एक पूर्व अधिकारी के अनुसार, पहले साल यूजर्स को करीब 1.58 लाख रुपये (सैटेलाइट रिसीवर सहित) और दूसरे साल से 1.15 लाख रुपये (30% टैक्स सहित) खर्च करने पड़ सकते हैं. स्टारलिंक की वेबसाइट के मुताबिक, यूजर्स को पहले महीने के लिए मुफ्त ट्रायल सेवा मिल सकती है.