मुनीर बने पाक के पहले 'चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेस', मिला कानूनी कवच
नई दिल्ली । डेस्क: पाकिस्तान सेना के इतिहास में दूसरे फील्ड मार्शल रैंक पर पहुँचने के बाद, आसिम मुनीर ने अब एक और नया रिकॉर्ड बनाया है. वह थल सेना प्रमुख (चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ) के पद से सीधे 'चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेस' (सशस्त्र बलों के प्रमुख या सेना प्रमुख) बन गए हैं.
गुरुवार को, पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ की सरकार ने नेशनल असेंबली (पाकिस्तानी संसद का निचला सदन) में एक बिल पास कराया है, जिसके तहत फील्ड मार्शल मुनीर को इस नए पद पर पदोन्नत करने के लिए पाकिस्तानी संविधान की धारा 243 में संशोधन किया गया है.
दरअसल, पाकिस्तानी संविधान में अब तक सशस्त्र सेना की तीनों शाखाओं (थल, नौ और वायु सेना) के प्रमुखों के ऊपर कोई पद मौजूद नहीं था. मुनीर के लिए विशेष रूप से यह पद निर्मित किया गया है.
शरीफ सरकार ने इस संवैधानिक संशोधन बिल में मुनीर के लिए विशेष कानूनी सुरक्षा कवच का भी प्रावधान किया है. इसके तहत, पाकिस्तानी सेना प्रमुख के खिलाफ अदालत में कोई मुकदमा नहीं किया जा सकेगा.
मुनीर की शक्तियों को बढ़ाने के साथ-साथ, पाकिस्तानी संसद ने एक और संविधान संशोधन बिल पारित किया है, जिसका उद्देश्य पाक सुप्रीम कोर्ट की शक्ति को कम करना है. संवैधानिक नियमों के तहत दो-तिहाई से अधिक बहुमत से पारित इस बिल में संविधान से जुड़े सभी मामलों को सुप्रीम कोर्ट से लेकर एक नई संवैधानिक अदालत को सौंपने की बात कही गई है.
विरोधियों का आरोप है कि इन दोनों बिलों के पास होने से पाकिस्तान की लोकतांत्रिक व्यवस्था और कमजोर होगी, जबकि सेना और अधिक शक्तिशाली बनकर उभरेगी.