मुनीर की नीतियां देश के लिए विनाशकारी- इमरान खान
इस्लामाबाद । डेस्क: जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संस्थापक प्रमुख इमरान खान ने देश के सेना प्रमुख आसिम मुनीर पर पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच हालिया संघर्ष को बढ़ाने का गंभीर आरोप लगाया है. इमरान खान का यह सनसनीखेज बयान उनकी बहन उजमा खानुम ने बुधवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिन्होंने मंगलवार को रावलपिंडी की अदियाला जेल में उनसे मुलाकात की थी.
उर्दू में दिए गए अपने संदेश में, इमरान खान ने कहा कि "आसिम मुनीर की नीतियां पाकिस्तान के लिए विनाशकारी हैं. उनकी नीतियों के कारण आतंकवाद नियंत्रण से बाहर चला गया है, जिससे मुझे गहरा दुख हुआ है."
इमरान खान ने अफगानिस्तान के तालिबान शासकों के खिलाफ मुनीर की कार्रवाई के पीछे की मंशा पर सवाल उठाते हुए आगे कहा, "आसिम मुनीर को पाकिस्तान के राष्ट्रीय हितों की कोई चिंता नहीं है. वह यह सब सिर्फ पश्चिमी शक्तियों को खुश करने के लिए कर रहे हैं. उन्होंने जानबूझकर अफगानिस्तान के साथ तनाव बढ़ाया ताकि उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक तथाकथित 'मुजाहिद' (धर्मयोद्धा) के रूप में देखा जा सके."
पीटीआई प्रमुख ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में 'तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान' (टीटीपी) विद्रोहियों को कुचलने के लिए ड्रोन हमलों और सैन्य अभियानों की भी निंदा की. उन्होंने सीधे तौर पर नाम लिए बिना लिखा, "मैंने देश के लोगों के खिलाफ ड्रोन हमलों और सैन्य अभियानों का विरोध किया है, क्योंकि यह आतंकवाद को और भड़काएगा."
इमरान से मिलने के बाद उनकी बहन उजमा ने भी आसिम मुनीर को निशाने पर लिया था. उजमा ने कहा कि उनके भाई शारीरिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ हैं, लेकिन मानसिक रूप से प्रताड़ित होने के कारण वह नाराज हैं.
उन्होंने बताया कि इमरान ने कहा कि उन्हें सारा दिन एक सेल में बंद रखा जाता है, और उन्हें केवल थोड़े समय के लिए ही बाहर जाने दिया जाता है और किसी से संपर्क करने की अनुमति नहीं है. उजमा खानुम ने इन सभी स्थितियों के लिए सीधे तौर पर सेना प्रमुख आसिम मुनीर को जिम्मेदार ठहराया था.