मुंबई: बेकाबू BMW की टक्कर से 3 छात्रों की मौत, एक गंभीर
मुंबई । डेस्क: मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार में जा रही एक लक्जरी BMW कार अनियंत्रित होकर कोस्टल रोड की बाहरी दीवार को तोड़ते हुए लगभग 75 फीट नीचे जा गिरी. इस दर्दनाक हादसे में कार सवार तीन छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना तड़के करीब 5:20 बजे की है, जब चार छात्र मरीन ड्राइव से हाजी अली की तरफ जा रहे थे. कोस्टल रोड कंट्रोल रूम के अनुसार, लाला लाजपतराय कॉलेज के सामने लोटस जेट्टी के पास कार चालक अचानक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा. रफ्तार इतनी तेज थी कि कार सीधे सुरक्षा दीवार से टकराई और 75 फीट नीचे गिर गई.
हादसे के तुरंत बाद सभी चार लोगों को नायर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया. मृतकों में से दो की पहचान शनाय गज्जल (21) और धीर्या सेठ (17) के रूप में हुई है, जबकि तीसरे मृतक (उम्र करीब 25 वर्ष) की पहचान की कोशिश की जा रही है. वहीं घायल हुए चौथे युवक (उम्र करीब 20 वर्ष) का अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में इलाज जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.
ताड़देव पुलिस स्टेशन की वरिष्ठ निरीक्षक मीना जगताप ने बताया कि शुरुआती जांच में तेज रफ्तार ही दुर्घटना की मुख्य वजह नजर आ रही है. पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है.