बस्तर पुलिस विभाग में करोड़ों का वेतन घोटाला
बस्तर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर पुलिस विभाग में करोड़ों रुपये के वित्तीय घोटाले का एक बड़ा मामला सामने आया है. पुलिस विभाग की वेतन शाखा (सैलरी ब्रांच) में पदस्थ तीन कर्मचारियों पर पिछले दो वर्षों के दौरान वेतन और लोन के नाम पर फर्जी भुगतान कर सरकारी राशि का गबन करने का गंभीर आरोप लगा है.
ऑडिट प्रक्रिया के दौरान इस पूरे खेल का खुलासा हुआ, जिसके बाद विभागीय जांच में गड़बड़ी की पुष्टि होने पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
बस्तर के पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि वेतन और अन्य शाखाओं में कार्यरत तीन कर्मचारियों ने बेहद सुनियोजित तरीके से वेतन संबंधी दस्तावेजों में हेरफेर किया.
आरोपियों ने लोन वितरण के नाम पर भी फर्जीवाड़ा किया और पिछले 2 साल में करीब डेढ़ से दो करोड़ रुपये का गबन कर डाला. नियमित ऑडिट के दौरान जब यह अनियमितता पकड़ी गई, तो मामले की गंभीरता को देखते हुए एक डीएसपी रैंक के अधिकारी को इसकी विस्तृत जांच सौंपी गई.
शुरुआती जांच में वित्तीय हेराफेरी की पुष्टि होने के बाद आरोपी कर्मचारी गिरीश राय, राजकुमार कतलम और हेमंत मैथ्यू के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है.
एसपी सिन्हा के मुताबिक, पुलिस विभाग की जांच अभी पूरी नहीं हुई है और इस घोटाले में कुछ अन्य लोगों की भूमिका भी संदिग्ध लग रही है. पुलिस ने संभावित संलिप्त कर्मचारियों की एक सूची तैयार कर ली है और उनसे पूछताछ की जा रही है.
जांच आगे बढ़ने पर घोटाले का शिकार हुई वास्तविक राशि का आंकड़ा और बढ़ सकता है, साथ ही कुछ और नाम भी सामने आ सकते हैं. इस घटना के बाद से पुलिस विभाग की आंतरिक निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं.