शनि, 07 नव. 2026

CGKhabar

'मिस्टर सिंह' विवाद: अमरीकी DHS ने हटाया नस्ली पोस्टर

C

CG Khabar

11 सित. 2026, 04:38 AM 2 मिनट में पढ़ें 8

मिस्टर सिंह पोस्टर
मिस्टर सिंह पोस्टर

नई दिल्ली । डेस्क: अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) को भारतीय-अमेरिकी, सिख अधिकार संगठनों और डेमोक्रेटिक पार्टी के नेताओं के भारी विरोध के बाद अपना एक विवादित सोशल मीडिया विज्ञापन वापस लेना पड़ा है. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से तैयार किए गए इस पोस्टर में दाढ़ी वाले एक भूरे रंग के व्यक्ति की तस्वीर के साथ 'गेट ऑफ अवर रोड्स, यू डोंट नो हाउ टू ड्राइव मिस्टर सिंह' लिखा गया था. इस विज्ञापन को लेकर सिख और हिंदू संगठनों ने कड़ा ऐतराज जताया और इसे नस्लीय भेदभाव को बढ़ावा देने वाला करार दिया.


सिख और हिंदू संगठनों का कड़ा विरोध


इस विज्ञापन के सामने आते ही हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (HAF), सिख गठबंधन, हिंदू-एक्शन और कोएलिशन ऑफ हिंदूज ऑफ नॉर्थ अमेरिका (CoHNA) जैसे प्रमुख नागरिक संगठनों ने कड़ा रुख अपनाया. हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने इसे एक नस्लीय और धार्मिक खाका तैयार करने की कोशिश बताया और कहा कि किसी सरकारी एजेंसी द्वारा एक पूरे समुदाय को इस तरह निशाना बनाना बेहद दुखद है. वहीं सिख गठबंधन ने चिंता जताते हुए कहा कि 9/11 की घटना के इतने सालों बाद भी सिखों को उनकी वेशभूषा और पहचान के आधार पर निशाना बनाया जा रहा है, जबकि अमेरिका में 'सिंह' उपनाम वाले लाखों लोग सम्मानपूर्वक रह रहे हैं.

विज्ञापन


राजनीतिक गरमाहट और तीखी बयानबाजी


इस मुद्दे पर अमेरिकी राजनीति में भी सरगर्मी बढ़ गई है. कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूजॉम के प्रेस कार्यालय ने सोशल मीडिया पर इस पोस्ट की निंदा करते हुए इसे नस्ली प्रचार बताया. दूसरी ओर, कांग्रेसी नेता राजा कृष्णमूर्ति ने कहा कि सरकार को किसी की आस्था या विरासत के आधार पर उसे अलग-थलग करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए. इस विरोध के जवाब में गृह सुरक्षा विभाग ने पोस्ट तो हटा लिया, लेकिन पलटवार करते हुए गवर्नर न्यूजॉम पर अवैध प्रवासियों को लाइसेंस जारी करने का आरोप लगा दिया.


बिना लाइसेंस वाले चालकों के खिलाफ चल रहा था अभियान


गृह सुरक्षा विभाग दरअसल बिना वैध लाइसेंस के वाणिज्यिक वाहन चलाने वाले ड्राइवरों के खिलाफ एक व्यापक अभियान चला रहा था. इस अभियान के तहत हॉलीवुड फिल्म 'ट्रांसफॉर्मर्स' के काल्पनिक पात्रों और एआई तकनीक का इस्तेमाल कर पोस्टर और वीडियो शेयर किए जा रहे थे. इनमें हाल ही में दुर्घटनाओं में शामिल रहे कुछ ड्राइवरों के मामलों का उल्लेख भी किया गया था. हालांकि, विशेष रूप से 'सिंह' उपनाम को लक्षित करने के कारण यह अभियान विवादों में घिर गया और सरकार को बैकफुट पर आना पड़ा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP