रायगढ़-चंद्रपुर मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
रायगढ़ । संवाददाता: रायगढ़-चंद्रपुर मार्ग पर मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे तेतला पेट्रोल पंप के समीप हुए एक भयानक हादसे में लगभग 30 से 35 वर्ष के एक बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह छिटककर सड़क पर जा गिरा और वाहन का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया.
दुर्घटना की भयावहता को देखकर आसपास के राहगीर व स्थानीय नागरिक तुरंत मौके पर एकत्र हो गए. सूचना मिलते ही पुसौर थाना क्षेत्र की पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया.
फिलहाल पुलिस मृतक युवक की शिनाख्त कराने के साथ-साथ टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की गहन तलाश कर रही है.
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस व्यस्त मार्ग पर भारी वाहनों की अनियंत्रित गति के कारण अक्सर गंभीर हादसे होते रहते हैं.
घनी आबादी और आसपास कई गांव होने के बावजूद इस सड़क पर वाहनों की रफ्तार पर अंकुश नहीं लग पा रहा है. तेतला पेट्रोल पंप और चौक के पास सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है, क्योंकि लगभग चार महीने पूर्व भी इसी स्थान पर किरोड़ीमल जा रहे दो बाइक सवार युवकों की एक ट्रक की चपेट में आने से जान चली गई थी.