दुर्ग में मां-बेटी की जिंदा जलने से मौत
दुर्ग | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. नंदिनी टाउनशिप में रहने वाली एक महिला और उसकी सात साल की बेटी की जिंदा जलने से मौत हो गई.
आग कैसे लगी, मामला आत्महत्या का है या कुछ और, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस हर पहलुओं पर जांच कर रही है. दरअसल, पूरा मामला नंदिनी थाना क्षेत्र के पीएसपी के स्ट्रीट नंब-36 क्वार्टर की है. मृतक महिला का नाम जागेश्वरी साहू (35) और दिव्यांशी साहू (7) बताया गया है.
घटना के समय घर में दोनों ही थे. जबकि साथ में रहने वाले पिता टहलने निकले थे. बताया गया कि जागेश्वरी अपने पति से अलग मायके में पिता सीताराम साहू के साथ रहती थी.
सीताराम बीएसपी के रिटायर्ड कर्मचारी हैं और रोज की तरह आज भी सुबह टहलने निकले थे. जब वह करीब 8 बजे वापस लौटे तो उन्होंने घर से धुआं निकलता देखा. उन्होंने तुरंत शोर मचाया. शोर सुनकर पड़ोसी वहां पहुंच गए.
पड़ोसियों की मदद से अंदर से बंद घर का दरवाजा तोड़ा गया.अंदर मां और बेटी पूरी तरह झुलसी हुई मृत पड़ी थी. तत्काल नंदिनी पुलिस को घटना की सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. साथ ही फोरेंसिक टीम भी जांच के लिए पहुंची.
पुलिस ने बताया कि जागेश्वरी पिछले पांच सालों से अपने पति से अलग रह रही थी. तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा है.
बताया जा रहा है कि मृतिका ने एक दिन पहले ही घर में रखे आवश्यक दस्तावेजों को एक बैग में रखकर अपने पड़ोसी के घर में रखवा दिया था.
पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है.