छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 13 जुलाई से
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में आगामी विधायी कामकाज को लेकर बड़ी खबर आ रही है. राज्य विधानसभा के मानसून सत्र की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है. अधिसूचना के मुताबिक, इस बार का मानसून सत्र आगामी 13 जुलाई से प्रारंभ होने जा रहा है, जो 17 जुलाई तक चलेगा.
पांच दिनों के इस संक्षिप्त लेकिन महत्वपूर्ण सत्र के दौरान कई बड़े वित्तीय और विधायी कार्यों को निपटाया जाएगा.
इस पांच दिवसीय सत्र की रूपरेखा भी तय कर दी गई है. सत्र के आखिरी दिन, यानी 17 जुलाई को नियमित शासकीय कार्यों और प्रश्नोत्तर के अलावा अंतिम ढाई घंटे का समय अशासकीय कामकाज के लिए सुरक्षित रखा गया है, जिसमें निजी संकल्प और विधेयक पेश किए जा सकेंगे.
वहीं, इससे पहले सत्र के शुरुआती चार दिनों (13, 14, 15 और 16 जुलाई) का मुख्य एजेंडा तारांकित-अतारांकित प्रश्नों के उत्तर और अन्य जरूरी सरकारी प्रस्तावों को सदन के पटल पर रखना होगा. इस दौरान कुल पांच बैठकें आयोजित की जाएंगी.